बालोद : छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में एक बड़ा हादसा टल गया। राजनांदगांव से बालोद की ओर आ रही यात्रियों से भरी चलती बस में अचानक आग लग गई। आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया और पूरी बस धू-धू कर जलने लगी। देखते ही देखते बस जलकर पूरी तरह खाक हो गई। राहत की बात यह रही कि बस में सवार सभी यात्रियों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
मिली जानकारी के मुताबिक, सुपर आनंद कंपनी की बस राजनांदगांव से बालोद जा रही थी। इसी दौरान मालीघोरी गांव के पास अचानक बस से आग की लपटें उठने लगीं। घटना के वक्त बस में करीब 10 से 15 यात्री सवार थे। बस में आग लगते ही यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, स्थिति की गंभीरता को समझते हुए सभी यात्रियों ने तुरंत बस से बाहर निकलकर सुरक्षित जगह पर शरण ली।
इधर, बस में आग लगने की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने की कोशिश की। लेकिन आग इतनी तेजी से फैल चुकी थी कि उस पर काबू पाना मुश्किल हो गया। कुछ ही देर में पूरी बस जलकर राख हो गई।
फिलहाल आग लगने की वजह सामने नहीं आई है। घटना की सूचना मिलने के बाद बालोद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
