CG Crime: छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में एक राजमिस्त्री की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। उसका शव घर के आंगन में खून से लथपथ हालत में मिला। वहीं, कमरे के अंदर खून के छींटे और बिखरा हुआ सामान मिलने से घटना को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
मामला लखनपुर थाना क्षेत्र का है। मृतक की पहचान 40 वर्षीय अंगत चौधरी, पिता घूर साय के रूप में हुई है। वह रजपुरी कला गांव के टिकरापारा का रहने वाला था और पेशे से राजमिस्त्री था। बताया जा रहा है कि अंगत घर में अकेले रहता था।
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार सुबह करीब 8 बजे घर के आंगन में उसका शव खून से लथपथ हालत में मिला। घर के कमरे में खून के छींटे पड़े हुए थे और सामान भी अस्त-व्यस्त था। इस घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। वहीं, परिजनों ने मामले में हत्या की आशंका जताई है।
घटना की सूचना पर पुलिस, फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर मामले की जांच की जा रही है।
फिलहाल राजमिस्त्री की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
