19.2 C
New Delhi
Sunday, November 8, 2026
HomeखेलIndia vs Brazil: फुटबॉल फैंस के लिए बड़ी खुशखबरी! 5 बार की...

India vs Brazil: फुटबॉल फैंस के लिए बड़ी खुशखबरी! 5 बार की वर्ल्ड चैंपियन ब्राजील टीम आएगी भारत, कोलकाता में होगा मुकाबला

India vs Brazil: भारतीय फुटबॉल फैंस का वर्षों पुराना सपना अब हकीकत बनने जा रहा है। दुनिया की सबसे सफल फुटबॉल टीम और पांच बार की वर्ल्ड चैंपियन ब्राजील पहली बार भारत का दौरा करेगी। ऑल इंडिया फुटबॉल फेडरेशन यानी AIFF ने 30 जुलाई को घोषणा की कि 3 अक्टूबर 2026 को कोलकाता के विवेकानंद युवा भारती क्रीड़ांगन यानी सॉल्ट लेक स्टेडियम में भारत और ब्राजील के बीच इंटरनेशनल फ्रेंडली मुकाबला खेला जाएगा। यह मुकाबला भारतीय फुटबॉल इतिहास के सबसे बड़े मैचों में से एक माना जा रहा है। ब्राजील इस समय फीफा वर्ल्ड रैंकिंग में पांचवें स्थान पर है। 1992 में फीफा रैंकिंग प्रणाली शुरू होने के बाद यह पहली बार होगा जब भारतीय टीम इतनी हाई रैंकिंग वाली टीम के खिलाफ मैदान पर उतरेगी।

भारतीय फुटबॉल के लिए ऐतिहासिक मौका

ब्राजील का नाम फुटबॉल की महानतम टीमों में लिया जाता है। पांच वर्ल्ड कप खिताब जीतने वाली इस टीम ने दशकों से दुनिया भर के खिलाड़ियों और फैंस को प्रेरित किया है। भारत में भी ब्राजील के करोड़ों फैंस हैं और देश को ब्राजील के सबसे बड़े विदेशी फैनबेस में गिना जाता है।AIFF के उप महासचिव एम. सत्यनारायण ने कहा कि ब्राजील जैसी महान टीम का भारत आना भारतीय फुटबॉल के इतिहास में एक ऐतिहासिक अध्याय साबित होगा। वहीं, नेशनल टीम के निदेशक और पूर्व गोलकीपर सुब्रत पॉल ने इसे भारतीय खिलाड़ियों के लिए सीखने और खुद को दुनिया की सर्वश्रेष्ठ टीमों के सामने परखने का सुनहरा अवसर बताया।

पेले की यादें होंगी फिर ताजा

ब्राजील का यह दौरा भारतीय फुटबॉल के सबसे यादगार पलों की याद भी दिलाएगा। साल 1977 में ब्राजील के महान फुटबॉलर पेले न्यूयॉर्क कॉसमॉस क्लब के साथ भारत आए थे। तब कोलकाता के ईडन गार्डन्स में मोहन बागान के खिलाफ खेला गया प्रदर्शनी मैच 2-2 से ड्रॉ रहा था। हालांकि, पिछले कुछ सालों में ब्राजील के कुछ क्लब भारत आए हैं, लेकिन सीनियर नेशनल टीम का दौरा बेहद दुर्लभ अवसर माना जा रहा है।

गौरतलब है कि भारत नवंबर में न्यूजीलैंड के खिलाफ भी दो इंटरनेशनल फ्रेंडली मुकाबले खेलेगा। पहला मैच 12 नवंबर को ऑकलैंड में और दूसरा 15 नवंबर को क्राइस्टचर्च में खेला जाएगा। ऐसे में अक्टूबर और नवंबर का महीना भारतीय फुटबॉल के लिए बेहद खास रहने वाला है।

RELATED ARTICLES
New Delhi
clear sky
19.2 ° C
19.2 °
19.2 °
58 %
2.7kmh
0 %
Sun
19 °
Mon
29 °
Tue
30 °
Wed
31 °
Thu
32 °

Most Popular