24 C
New Delhi
Thursday, November 26, 2026
HomeदेशDriving License Rules: अब लर्निंग टेस्ट में 75% अंक जरूरी, एड्रेस और...

Driving License Rules: अब लर्निंग टेस्ट में 75% अंक जरूरी, एड्रेस और मोबाइल नंबर अपडेट कराना होगा फ्री

नई दिल्ली। ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने और उसमें बदलाव कराने की प्रक्रिया में जल्द बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने केंद्रीय मोटर यान नियमावली में संशोधन का मसौदा तैयार किया है। इसका उद्देश्य लाइसेंस प्रक्रिया को अधिक सख्त, पारदर्शी और सुविधाजनक बनाना है। प्रस्तावित नियमों के तहत लर्निंग लाइसेंस की परीक्षा का स्तर बढ़ाया जाएगा। वहीं, आधार ऑथेंटिकेशन के जरिए आवेदन करने पर एड्रेस, मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी जैसी जानकारियां अपडेट कराने की सुविधा मुफ्त मिल सकती है।

मंत्रालय ने इन प्रस्तावित बदलावों पर आम लोगों से सुझाव और आपत्तियां मांगी हैं। सुझावों की समीक्षा के बाद अंतिम अधिसूचना जारी की जाएगी। इसके बाद ही नए नियम लागू होंगे।

लर्निंग लाइसेंस टेस्ट में 75% अंक लाना होगा जरूरी

प्रस्तावित संशोधन के अनुसार, लर्निंग लाइसेंस की परीक्षा में पास होने के लिए न्यूनतम अंक 60 प्रतिशत से बढ़ाकर 75 प्रतिशत करने का प्रावधान है। इसका उद्देश्य आवेदकों को सड़क संकेतों, यातायात नियमों और सुरक्षित ड्राइविंग की बेहतर जानकारी देना है।

इसके अलावा सुरक्षित ड्राइविंग से जुड़ा ऑनलाइन ट्यूटोरियल कम से कम 30 मिनट का करना प्रस्तावित है। इसे पूरा करने के लिए आवेदकों को पहले मिलने वाले 7 दिनों के बजाय 15 दिनों का समय दिया जा सकता है। ट्यूटोरियल पूरा होने के बाद निर्धारित अवधि के भीतर लर्निंग लाइसेंस टेस्ट देना होगा।

एड्रेस और मोबाइल नंबर अपडेट कराने पर नहीं लगेगी फीस

प्रस्तावित बदलावों में आवेदकों को ऑनलाइन सेवाओं के लिए बड़ी राहत देने की तैयारी है। आधार ऑथेंटिकेशन के माध्यम से आवेदन करने पर ड्राइविंग लाइसेंस में पता बदलवाने, मोबाइल नंबर जोड़ने या अपडेट करने और ईमेल आईडी में बदलाव जैसी निर्धारित सेवाओं पर शुल्क नहीं लेने का प्रस्ताव है।

वर्तमान में कई सेवाओं के लिए स्मार्ट कार्ड या विवरण में बदलाव कराने पर 200 रुपये तक का शुल्क देना पड़ता है। नए प्रस्ताव के लागू होने पर इन सेवाओं का लाभ बिना शुल्क उठाया जा सकेगा।

आवेदन पर 15 दिन में होगा फैसला

मसौदे में लाइसेंस से जुड़ी निजी जानकारी और विवरण में बदलाव के आवेदनों पर 15 दिनों के भीतर निर्णय लेने का प्रावधान रखा गया है। यदि किसी आवेदन को अस्वीकार किया जाता है, तो उसका कारण भी दर्ज करना होगा।

वहीं, पते में बदलाव के आवेदन पर 30 दिनों तक कोई निर्णय नहीं होने की स्थिति में उसे स्वतः स्वीकृत मानने का प्रस्ताव भी शामिल किया गया है।

दस्तावेज और लाइसेंस फॉर्म में भी बदलाव

प्रस्तावित संशोधन में पहचान, जन्मतिथि और पते के प्रमाण के लिए मान्य दस्तावेजों की सूची भी दी गई है। इसमें आधार कार्ड, पासपोर्ट, मतदाता पहचान पत्र, जन्म प्रमाणपत्र, मान्यता प्राप्त शैक्षणिक प्रमाणपत्र और हाल के बिजली या गैस बिल जैसे दस्तावेज शामिल हैं।

इसके अलावा लाइसेंस से जुड़ी सेवाओं के लिए एकीकृत आवेदन फॉर्म तैयार करने का प्रस्ताव है। इसमें ब्लड ग्रुप और आपातकालीन संपर्क जैसी जानकारियां भी शामिल की जा सकती हैं। लाइसेंस कार्ड के प्रारूप के साथ लाइसेंस सरेंडर और निलंबन से जुड़े नियमों को भी स्पष्ट किया जाएगा।

अभी लागू नहीं हुए हैं नए नियम

मंत्रालय ने फिलहाल संशोधनों का मसौदा जारी कर सुझाव और आपत्तियां आमंत्रित की हैं। इन पर विचार करने के बाद अंतिम अधिसूचना जारी की जाएगी। इसलिए लर्निंग लाइसेंस टेस्ट में 75 प्रतिशत अंक और ऑनलाइन सेवाओं को मुफ्त करने सहित ये सभी बदलाव अभी प्रस्तावित हैं, लागू नियम नहीं।

RELATED ARTICLES
New Delhi
haze
24 ° C
24.1 °
24 °
41 %
3.6kmh
0 %
Thu
26 °
Fri
27 °
Sat
26 °
Sun
26 °
Mon
26 °

Most Popular