Jammu Kashmir Terror Attack: जम्मू कश्मीर के कुलगाम में शुक्रवार शाम आतंकियों ने प्रवासी मजदूरों को निशाना बनाते हुए हमला कर दिया। इस हमले में छत्तीसगढ़ के दो श्रमिकों की मौत हो गई। वआतंकियों ने गोलीबारी कर दोनों को घायल कर दिया था। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने दीपक नाम के व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया। वहीं, भूपेंद्र कुमार ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
इलाज के दौरान भूपेंद्र ने भी दम तोड़ा
कुलगाम में हमलावरों ने देर शाम केलम स्थित ईंट-भट्ठे पर काम कर रहे मजदूरों को निशाना बनाकर गोलीबारी की। इसमें 24 साल के दीपक रात्रे की मौत हो गई। वहीं, 28 साल के भूपेंद्र गंभीर रूप से घायल हुए थे। भूपेंद्र को पहले जीएमसी अनंतनाग ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे सौरा के एसकेआईएमएस अस्पताल में रेफर कर दिया। हालांकि, इलाज के दौरान भूपेंद्र की भी मौत हो गई।
10 दिन पहले हुई थी पुलिसकर्मी की हत्या
कश्मीर में आतंकियों ने 10 दिन पहले एक पुलिसकर्मी की हत्या कर दी थी। आतंकवादियों ने अनंतनाग शहर में एक पुलिस अधिकारी की गोली मार दी थी, जिससे उनकी मौत हो गई थी। अब इसी तरह की घटना में मजदूरों को निशाना बनाया गया है। घटना के बाद सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके को घेर लिया है और सर्च ऑपरेशन जारी है। श्रीनगर में वाहनों की जांच के लिए चेकपॉइंट बनाया गया था। इस दौरान एक बिना नंबर प्लेट की कार वहां पहुंची और सुरक्षाकर्मियों को देख ड्राइवर भागने की कोशिश करने लगा। ट्रैफिक पुलिस के जवानों ने कार को रोकने की कोशिश की, लेकिन असफल रहे। हालांकि, बाद में कार को बरामद कर लिया गया और आगे की जांच शुरू कर दी है।
