Asian Games 2026: भारतीय मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स (MMA) फाइटर सुचिका तारियाल ने एशियन गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया है। 36 वर्षीय सुचिका ने महिलाओं के ट्रेडिशनल 60 किग्रा वर्ग के क्वार्टरफाइनल मुकाबले में 2025 IMMAF विश्व चैंपियन अल्तानचिमेग बैगलमा को 2-0 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली।
इस जीत के साथ सुचिका तारियाल ने एशियन गेम्स में भारत के लिए मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स का पहला पदक पक्का कर दिया है। सेमीफाइनल में पहुंचने के साथ ही उनका कम से कम कांस्य पदक तय हो गया है।
2017 में MMA डेब्यू, फिर लिया 7 साल का ब्रेक
सुचिका तारियाल ने साल 2017 में जीत के साथ MMA करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद उन्होंने करीब सात साल तक इस खेल से दूरी बनाई, लेकिन इस दौरान जूडो और जिउ-जित्सु में लगातार प्रतिस्पर्धा करती रहीं।
नवंबर 2024 में उन्होंने BRAVE Combat Federation के साथ विमेंस स्ट्रॉवेट डिविजन में कई मुकाबलों का कॉन्ट्रैक्ट साइन किया। इसके बाद दिसंबर 2024 में बहरीन में आयोजित BRAVE CF 92 में उन्होंने प्रोफेशनल MMA में वापसी की और जीत दर्ज की।
सुचिका के मुताबिक, जूडो ने उन्हें MMA के लिए मजबूत आधार दिया। जूडो की वजह से वह ग्राउंड फाइटिंग और ग्रैपलिंग में पहले से ही अच्छी थीं। MMA में आने के बाद उन्हें मुख्य रूप से स्टैंडिंग गेम और स्ट्राइकिंग स्किल्स पर काम करना पड़ा।
जूडो से MMA तक का सफर
सुचिका ने 2022 कॉमनवेल्थ गेम्स में जूडो में भारत का प्रतिनिधित्व किया था। इसके बाद 2023 एशियन गेम्स में उन्होंने कुराश में देश का प्रतिनिधित्व किया। साल 2024 में वह जिउ-जित्सु वर्ल्ड चैंपियन भी बनीं।
हालांकि, खेल प्रशासन में लगातार हुए बदलावों के बीच उनके खेल का रास्ता भी बदलता रहा। जनवरी 2026 में एशियन गेम्स के लिए जिउ-जित्सु टीम को हटाए जाने और उसके ढांचे में बदलाव के बाद सुचिका के सामने नई चुनौती खड़ी हो गई। इसके बाद उन्होंने MMA ट्रायल में हिस्सा लेने का फैसला किया।
राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री भी कर चुके हैं सम्मानित
सुचिका तारियाल ने चार वर्ल्ड चैंपियनशिप और 30 से ज्यादा इंटरनेशनल इवेंट्स में भारत का प्रतिनिधित्व किया है। खेल में उनके प्रदर्शन के अलावा युवाओं पर प्रभाव और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में योगदान के लिए भी उन्हें सम्मान मिला है।
वह टीवी और डिजिटल प्लेटफॉर्म के लोकप्रिय शो MTV Roadies और Prime Video के ‘India’s Ultimate Warrior’ में भी नजर आ चुकी हैं।
मुंबई में की एशियन गेम्स की तैयारी
एशियन गेम्स में मुकाबले की चुनौती को देखते हुए सुचिका ने मुंबई के अंधेरी स्थित वन पंच एकेडमी में कोच निखिल कुंदर के साथ कड़ी ट्रेनिंग की। अब क्वार्टरफाइनल में जीत के बाद उनकी नजर सेमीफाइनल मुकाबले पर है।
36 साल की उम्र में सुचिका तारियाल का यह सफर भारतीय कॉम्बैट स्पोर्ट्स में एक खास उपलब्धि के रूप में दर्ज हो गया है। एशियन गेम्स 2026 में MMA का पहला भारतीय पदक सुनिश्चित कर उन्होंने देश के लिए एक नया अध्याय जोड़ दिया है।
