20.3 C
New Delhi
Sunday, November 1, 2026
HomeदेशDelhi News : दिल्ली मेट्रो फेज-5A को हरी झंडी, केंद्रीय सचिवालय बनेगा...

Delhi News : दिल्ली मेट्रो फेज-5A को हरी झंडी, केंद्रीय सचिवालय बनेगा 3 लाइनों का मेगा इंटरचेंज

Delhi News : राजधानी दिल्ली में मेट्रो नेटवर्क के विस्तार की योजनाएं तेजी से आगे बढ़ रही हैं। इसी क्रम में फेज-5ए को मंजूरी मिलने के बाद केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशन को ट्रिपल इंटरचेंज के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके तैयार होने से प्रतिदिन करीब दो लाख यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा, वहीं लगभग 60 हजार सरकारी कर्मचारियों के लिए भी आवाजाही पहले से कहीं अधिक आसान हो जाएगी।

DMRC (दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन) के अनुसार, केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशन फिलहाल येलो लाइन और वायलेट लाइन का इंटरचेंज है। फेज-5ए के तहत एक नई लाइन जुड़ने के बाद यह स्टेशन ट्रिपल इंटरचेंज में तब्दील हो जाएगा, जिससे यात्रियों को लाइन बदलने में समय की बचत होगी और भीड़ के दबाव में भी कमी आएगी।

मजेंटा लाइन का होगा विस्तार

फिलहाल मजेंटा लाइन से सफर करने वाले यात्रियों को अपनी यात्रा पूरी करने के लिए बीच में मेट्रो बदलनी पड़ती है। हालांकि, अब यात्रियों को बड़ी राहत मिलने वाली है। दिल्ली मेट्रो के फेज-5ए में आरके आश्रम से इंद्रप्रस्थ तक सेंट्रल विस्टा कॉरिडोर को मंजूरी मिल गई है, जिसके तहत मजेंटा लाइन का विस्तार किया जाएगा। इस फेज के पूरा होने के बाद मजेंटा लाइन की मेट्रो ट्रेनें भी केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशन पर रुकेंगी। इसके साथ ही केंद्रीय सचिवालय स्टेशन पर दो की बजाय तीन अलग-अलग मेट्रो कॉरिडोर का संगम होगा और यह स्टेशन ट्रिपल इंटरचेंज में तब्दील हो जाएगा।

निजी वाहनों के इस्तेमाल में आएगी कमी

डीएमआरसी का कहना है कि इंटरचेंज स्टेशन आमतौर पर महत्वपूर्ण और व्यस्त स्थानों पर बनाए जाते हैं, ताकि लोगों को सार्वजनिक परिवहन से वहां तक आसानी से पहुंच मिल सके। केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशन के आसपास बड़ी संख्या में केंद्रीय और राज्य सरकार के कार्यालय स्थित हैं, जहां प्रतिदिन हजारों कर्मचारी निजी वाहनों से ड्यूटी पर आते हैं।मजेंटा लाइन के केंद्रीय सचिवालय स्टेशन से जुड़ने के बाद सरकारी कर्मचारियों और आम यात्रियों के लिए मेट्रो से सीधी और सुविधाजनक कनेक्टिविटी उपलब्ध होगी। इससे निजी वाहनों के इस्तेमाल में कमी आने की संभावना है, जिसका सीधा असर ट्रैफिक दबाव और वायु प्रदूषण में कमी के रूप में देखने को मिलेगा।

 मेट्रो फेज-4 में भी कई ट्रिपल इंटरचेंज शुरू किए जाएंगे

डीएमआरसी के अनुसार, दिल्ली मेट्रो फेज-4 के कुल छह प्रोजेक्ट में से तीन लगभग पूरे हो चुके हैं, जबकि शेष तीन परियोजनाओं पर काम तेजी से जारी है। मेट्रो अधिकारियों का कहना है कि फेज-4 के पूरा होने से राजधानी के कई इलाकों में कनेक्टिविटी और बेहतर होगी। डीएमआरसी ने बताया कि वर्तमान में दिल्ली मेट्रो नेटवर्क में कुल 29 इंटरचेंज स्टेशन हैं। फेज-4 के पूर्ण होने के बाद इंटरचेंज स्टेशनों की संख्या बढ़कर 43 हो जाएगी। वहीं, फेज-5ए के जुड़ने के साथ यह आंकड़ा बढ़कर 46 इंटरचेंज स्टेशन तक पहुंच जाएगा।

दिल्ली मेट्रो के प्रमुख ट्रिपल इंटरचेंज स्टेशन:

• आजादपुर: येलो लाइन, पिंक लाइन और मजेंटा लाइन

• नई दिल्ली: येलो लाइन, एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन और मजेंटा लाइन

• लाजपत नगर: वायलेट लाइन, पिंक लाइन और गोल्डन लाइन

• इंद्रलोक: रेड लाइन, ग्रीन लाइन और मजेंटा लाइन

RELATED ARTICLES
New Delhi
clear sky
20.3 ° C
20.3 °
20.3 °
83 %
2.1kmh
0 %
Sun
28 °
Mon
29 °
Tue
33 °
Wed
33 °
Thu
33 °

Most Popular