रायपुर : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने लौह पुरुष एवं भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती और राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री निवास स्थित सिविल लाइन में उन्होंने सरदार पटेल के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर नमन किया और देश की एकता, अखंडता एवं राष्ट्रीय एकीकरण में उनके अतुलनीय योगदान को याद किया।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल भारतीय एकता और अखंडता के महान शिल्पकार थे। उन्होंने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति, अदम्य साहस और कुशल नेतृत्व के बल पर स्वतंत्रता के बाद देश की सैकड़ों रियासतों का एकीकरण कर मजबूत और अखंड भारत की नींव रखी। राष्ट्र निर्माण में उनका योगदान हमेशा भारतीय इतिहास में याद किया जाएगा।
सीएम ने कहा कि सरदार पटेल का जीवन राष्ट्रहित, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा की प्रेरणा देता है। उन्होंने कठिन परिस्थितियों में भी अपने सिद्धांतों से समझौता नहीं किया और देश की एकता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। उनका जीवन सिखाता है कि दृढ़ संकल्प और सामूहिक प्रयास से हर चुनौती का सामना किया जा सकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरदार पटेल के ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के सपने को साकार करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। देश विकास, सुशासन और आत्मनिर्भरता के नए आयाम स्थापित करते हुए विकसित भारत के लक्ष्य की ओर आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय एकता दिवस केवल सरदार पटेल के योगदान को याद करने का दिन नहीं है, बल्कि देश की एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता बनाए रखने के संकल्प को दोहराने का अवसर भी है। भारत की विविध भाषाएं, संस्कृतियां और परंपराएं उसकी सबसे बड़ी ताकत हैं। सभी को एकता के सूत्र में बांधकर आगे बढ़ना ही सरदार पटेल के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
मुख्यमंत्री साय ने प्रदेशवासियों से सरदार पटेल के आदर्शों को अपनाने और राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं समृद्धि में योगदान देने की अपील की। उन्होंने सशक्त, समरस और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण का संकल्प लेने का आह्वान भी किया।
