34.1 C
New Delhi
Wednesday, September 23, 2026
HomeमौसमIMD Rain Alert: 16 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, दिल्ली-UP समेत...

IMD Rain Alert: 16 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, दिल्ली-UP समेत कई राज्यों में जमकर बरसेंगे बादल

IMD Rain Alert: देश में पहाड़ से लेकर मैदान तक मानसून फुल रफ्तार में है। देश की सभी बड़ी नदियां उफान मार रही हैं। गंगा, यमुना, नर्मदा से लेकर चिनाब तक अपने किनारे रहने वाले लोगों को डरा रही हैं तो आज भी देश के 16 राज्यों में जोरदार बारिश का अलर्ट है। यूपी, बिहार, दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, गुजरात, महाराष्ट्र और केरल में आज मौसम खराब रहने की संभावना जताई गई है।

दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम?

राजधानी दिल्ली पर बारिश के बाद अब बाढ़ का खतरा है। हालांकि हथनीकुंड बैराज से पानी छोड़े जाने के बाद दिल्ली में यमुना का जलस्तर अब घटने लगा है।  यमुना के बढ़ते जलस्तर पर नजर रखने के लिए फ्लड एंड एरिगेशन डिपार्टमेंट अलर्ट मोड में है। वहीं, राजधानी में आंधी-बारिश की चेतावनी है। बारिश के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

यूपी में आज कैसा रहेगा मौसम?

यूपी में लगातार हो रही मानसूनी बारिश से गंगा, यमुना, शारदा और सरयू समेत 10 से ज्यादा नदियां खतरे के निशान के करीब बह रही हैं। गंगा के उफान का असर शाहजहांपुर के मिर्जापुर इलाके में देखने को मिल रहा है जहां कई गांवों में गंगा पानी घुस गया है। आज भी यूपी के 14 जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, बागपत, मेरठ, लखीमपुर खीरी, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, सीतापुर, गोंडा, सिद्धार्थनगर, बाराबंकी, लखनऊ उन्नाव, कानपुर नगर, कानपुर देहात, कन्नौज और औरैया में अनेक स्थानों पर आज बारिश हो सकती है।

MP के मौसम का हाल

मध्य प्रदेश में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है। डिंडोरी में नर्मदा, खरमेर और चकरार नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं तो मंडला जिले में मूसलाधार बारिश से बाढ़ जैसे गंभीर हालात बन गए हैं। डिंडोरी और बालाघाट जैसे ऊपरी जिलों में लगातार हो रही भारी बारिश से मंडला में नर्मदा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। निचले इलाकों में बाढ़ का पानी घुसने लगा है। नदी किनारे बसी बस्तियों में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। नदी का जलस्तर बढ़ने से नर्मदा किनारे के कई घाट और मंदिर पानी में डूब चुके हैं। खतरे को देखते हुए प्रशासन अलर्ट मोड पर है। IMD भोपाल ने आज प्रदेश के रायसेन, नर्मदापुरम, कटनी, छिंदवाड़ा, बालाघाट, दमोह, सागर, पांडुर्णा, नरसिंहपुर, सिवनी और पन्ना समेत कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

बिहार में भारी बारिश-आंधी का अलर्ट

गया, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, रोहतास, नवादा, बांका, लखीसराय, मुंगेर, नालंदा, बक्सर, सिवान, वैशाली, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, पूर्णिया, अररिया, किशनगंज, कटिहार, बेगूसराय, सहरसा और सुपौल में भारी बारिश के साथ आंधी की संभावना है।

झारखंड में भी भारी बारिश-आंधी का अलर्ट

रांची, रामगढ़, बोकारो, हजारीबाग, जमशेदपुर, पलामू, खूंटी और दुमका में बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। कई इलाकों में हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

पहाड़ों में बारिश का हाल

मैदानी इलाकों में नदियां उफान पर हैं तो पहाड़ों पर लैंड स्लाइड का खतरा बढ़ गया है। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में भारी लैंड स्लाइड हुआ है। खूनी नाला इलाके में  सिहूता नेशनल हाईवे पर पनियाला नाला के पास पहाड़ दरकने से भारी मलबा सड़कों पर आ गया जिससे हाईवे पूरी  तरह से ठप हो गया। भारी बारिश और लैंडस्लाइड के कारण चंबा-भरमौर और चंबा-पठानकोट नेशनल हाईवे सहित जिले की कई मुख्य सड़कें बंद हो गई हैं। मौसम विभाग ने 10 और 11 अगस्त के साथ-साथ 14 और 15 अगस्त के लिए भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। कांगड़ा, सिरमौर, शिमला, मंडी, चंबा, कुल्लू और सोलन में आज मध्यम से तेज बारिश की संभावना है।

उत्तराखंड में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट

उत्तराखंड में भी भारी बारिश और लैंडस्लाइड लोगों के लिए आफत बन गई है। जोशीमठ के किमाणा इलाके में सैलाब के साथ भारी मलबा आने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। पहाड़ी नाले से कीचड़ के साथ बड़े-बड़े बोल्डर सरक रहे हैं। उत्तराखंड में भारी बारिश के कारण चमोली, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ सहित कई जिलों में लगातार लैंडस्लाइड हो रहे हैं। उत्तराखंड में मौसम विभाग ने अगले 2 दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। देहरादून, बागेश्वर, नैनीताल, चंपावत, अल्मोड़ा में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है।

असम में आफत की ‘बाढ़’!

असम के गुवाहाटी में भी बाढ़ जैसे हालात हैं.. मूसलाधार बारिश से रुक्मिणी गांव में घुटनों तक पानी भर गया है। भारी बारिश के बाद आई भीषण बाढ़ से राज्य के 13 जिलों में करीब डेढ़ लाख लोग अब भी प्रभावित हैं। बाढ़ से राज्य में अब तक 99 लोगों की मौत हो चुकी है। ऊपरी असम के गोलाघाट, शिवसागर और जोरहाट जैसे जिले बाढ़ से सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। बाढ़ के पानी से राज्य में करीब 11 हजार हेक्टेयर फसल पूरी तरह बर्बाद हो चुकी है। हजारों लोग राहत शिविरों में रहने को मजबूर हैं। उत्तर से दक्षिण और पहाड़ों से लेकर मैदान तक मानसून की रफ्तार तेज है और आज भी कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट है।

RELATED ARTICLES
New Delhi
clear sky
34.1 ° C
34.1 °
34.1 °
47 %
0.6kmh
0 %
Wed
36 °
Thu
37 °
Fri
36 °
Sat
34 °
Sun
34 °

Most Popular