38.8 C
New Delhi
Friday, July 17, 2026
HomeखेलODI World Cup 2027: 24 साल बाद लौटेगा Super 6 फॉर्मेट, फिर...

ODI World Cup 2027: 24 साल बाद लौटेगा Super 6 फॉर्मेट, फिर दिखेगा पुराना रोमांच

ODI World Cup 2027: वनडे विश्व कप अगले साल यानी 2027 में खेला जाएगा। इसके लिए अभी से तैयारी शुरू हो चुकी है। इसमें अभी करीब डेढ़ साल का वक्त है, लेकिन खास बात ये है कि एक बार फिर से आईसीसी ने नए रोमांच की तैयारी कर ली है। अगले वनडे विश्व कप में सुपर 6 फॉर्मेट की वापसी हो रही है। करीब 24 साल बाद ऐसा होने जा रहा है। अगर आप इस फॉर्मेट के बारे में नहीं जानते हैं तो चलिए आपको पूरी बात विस्तार से बताते हैं, ​ताकि कहीं कोई कन्फ्यूजन ना रह जाए।

अगले साल होने वाले विश्व कप में खेलेंगी कुल मिलाकर 14 टीमें

साल 2023 में वनडे विश्व कप हुआ था, तब इसमें 10 टीमें ही खेल रही थीं, लेकिन साल 2027 के विश्व कप में कुल मिलाकर 14 टीमें हिस्सा लेने जा रही हैं। इस बीच सुपर 6 की वापसी भी होगी। दरअसल आईसीसी जिन 14 टीमों को इस टूर्नामेंट में मौका देने जा रहा है, उन्हें दो ग्रुपों में बांटा जाएगा। यानी सात सात टीमों के दो ग्रुप बनेंगे। ग्रुप ए में सात टीमें होंगी और इसी तरह से ग्रुप बी में दो टीमें होंगी। हर टीम अपने ग्रुप की दूसरी टीम से एक एक मैच खेलेगी। यानी टीमों को पहले चरण में कुल मिलाकर 6 मैच खेलने का मौका मिलेगा। जब ग्रुप स्टेज के मैच खत्म हो जाएंगे तो दोनों ग्रुप की टॉप 3 टीमें अगले राउंड में जाएंगी। यानी ग्रुप ए से तीन टीमें और ग्रुप बी से भी तीन टीमें। अगले राउंड में कुल 6 टीमें पहुंचेंगी। इसी को सुपर 6 कहा जाता है। यानी बाकी 8 टीमें पहले राउंड से ही बाहर हो जाएंगी। उसके बाद खिता​ब जीतने की केवल 6 दावेदार टीमें ही बचेंगी।

सुपर 6 में कैसे होंगे वनडे विश्व कप के मुकाबले

अब सुपर 6 में क्या होगा, ये भी समझ लीजिए, क्योंकि ये राउंड ही सबसे ज्यादा दिलचस्प और रोचक होने जा रहा है। ग्रुप ए से आई तीन टीमों और ग्रुप बी से आई तीन टीमों के बीच आपस में मैच होंगे। लेकिन एक ही ग्रुप से आई दो टीमों के बीच यहां मैच नहीं खेले जाएंगे। दूसरे ग्रुप से जो टीम आई है, उससे भिड़ंत होगी। इसे एक उदाहरण से समझिए। अगर भारत और पाकिस्तान की टीमें पहले राउंड में एक ही ग्रुप में हैं और दोनों टीमें सुपर 6 में पहुंच गई तो अगले राउंड में उनकी भिड़ंत नहीं होगी। लेकिन अगर पहले राउंड में दोनों टीमें एक ग्रुप में नहीं हैं और उसके बाद सुपर 6 में पहुंची हैं तो इनके बीच मैच खेला जाएगा। यानी एक टीम दूसरी टीम से सुपर 6 तक केवल एक ही बार भिड़ेगी।

ग्रुप स्टेज के अंक अगले राउंड में भी जुड़ेंगे, लेकिन यहां है एक पेच

मजे की बात ये है कि टीमें ग्रुप स्टेज में जो अंक हासिल करेंगे, वो कैरी फॉरवर्ड होंगे, लेकिन इसमें एक शर्त है, इसका ध्यान रखना होगा। टीम ने पहले राउंड में जिस टीम को हराया है, वो अगर अगले जाती है तो उसके अंक जुड़ेंगे, लेकिन हार कर बाहर हो चुकी टीम के अंक इसमें नहीं जोड़े जाएंगे। इसे भी उदाहरण से समझिए। मान लीजिए कि भारत और पाकिस्तान पहले राउंड में एक ही ग्रुप में हैं। अब यहां भारत ने पाकिस्तान को हरा दिया है। इसके बाद भारत और पाकिस्तान दोनों ने अगले राउंड में अपनी जगह पक्की कर ली है तो भारतीय टीम को सुपर 6 में बिना मैच खेले ही दो अंक मिल जाएंगे। लेकिन अगर कहीं पाकिस्तानी टीम सुपर 6 से पहले ही बाहर हो गई तो भारतीय टीम शून्य अंक लेकर अगले राउंड में जाएगी।

तीन देशों की मेजबानी में होगा वनडे विश्व कप, साल के आखिर में होगा टूर्नामेंट

सुपर 6 में जो तीन तीन टीमों के ग्रुप बनाए गए हैं, उसमें मैच खेलने के बाद जो दो टीमें टॉप पर रहेंगी, वो आगे सेमीफाइनल में चली जाएंगी। यानी छह में से चार टीमें आगे जाएंगी और दो टीमों का खेल यहीं पर समाप्त हो जाएगा। यहां पहले और चौथे नंबर की टीम के बीच मैच होगा, वहीं दूसरे और तीसरे नंबर की टीमें आपस में टकराती हुई नजर आएंगी। ये मैच जीतने वाली टीमें फाइनल में चली जाएंगी। आपको याद दिला दें कि इंडिया टीवी ने आपको पहले भी बताया है कि अगला वनडे विश्व कप साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की संयुक्त मेजबानी में खेला जाएगा। अभी इसका शेड्यूल नहीं आया है, लेकिन माना जा रहा है कि अक्टूबर से लेकर नवंबर तक इसका आयोजन किया जाएगा।

RELATED ARTICLES
New Delhi
overcast clouds
38.8 ° C
38.8 °
38.8 °
29 %
3.6kmh
100 %
Fri
39 °
Sat
42 °
Sun
41 °
Mon
37 °
Tue
29 °

Most Popular