32.1 C
New Delhi
Friday, May 8, 2026
HomeखेलIPL 2024 : रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को मिली चौथी जीत, गुजरात टाइटंस...

IPL 2024 : रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को मिली चौथी जीत, गुजरात टाइटंस को 4 विकेट से हराया

IPL 2024 : कप्तान फाफ डु प्लेसिस और विराट कोहली की विस्फोटक पारी के दम पर आरसीबी ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ शानदार जीत दर्ज की। डु प्लेसिस ने 18 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया जबकि विराट ने 42 रनों की पारी खेली। आरसीबी की 11 मैचों में यह चौथी जीत है।

IPL 2024 : आईपीएल 2024 के 52वें मैच में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने गुजरात टाइटंस को 4 विकेट से हरा दिया। गुजरात ने पहले खेलते हुए 147 रन बनाए थे। जवाब में आरसीबी ने 13.4 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर लिया। बेंगलुरु की 11 मैचों में यह चौथी जीत है और वह अब अंक तालिका में 10वें से सातवें स्थान पर आ गई है। आरसीबी के लिए फाफ डु प्लेसिस ने 64 और विराट कोहली ने 42 रन बनाए।

बेंगलुरु ने गुजरात को हराया

आरसीबी के सामने 148 रन का लक्ष्य था। टीम के ओपनर फाफ डु प्लेसिस और विराट कोहली ने पहले 6 ओवर में 92 रन जोड़े। लेकिन इसके बाद विकेट गिरने का सिलसिला शुरू हो गया। देखते ही देखते 117 रन पर आरसीबी के 6 बल्लेबाज पवेलियन लौट गए। रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के प्रशंसक हैरान थे, स्टेडियम में सन्नाटा था, लेकिन अनुभवी दिनेश कार्तिक ने फाफ डु प्लेसिस की टीम को जीत दिलाई। रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने 13.4 ओवर में 6 विकेट पर लक्ष्य हासिल कर लिया।

जोशुआ लिटिल सबसे सफल गेंदबाज

दिनेश कार्तिक 12 गेंदों पर 21 रन बनाकर नाबाद लौटे। स्वप्निल सिंह 9 गेंदों पर 15 रन बनाकर नाबाद लौटे। दिनेश कार्तिक और स्वप्निल सिंह के बीच 18 गेंदों पर 35 रनों की साझेदारी हुई। गुजरात टाइटंस के लिए जोशुआ लिटिल सबसे सफल गेंदबाज रहे। जोशुआ लिटिल ने 4 ओवर में 45 रन देकर 4 विकेट लिए। इसके अलावा नूर अहमद को 2 सफलताएं मिलीं।

फाफ डु प्लेसिस और विराट कोहली की विस्फोटक पारी

रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के लिए कप्तान फाफ डु प्लेसिस ने 23 गेंदों में सबसे ज्यादा 64 रन की पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में 10 चौके और 3 छक्के लगाए। इसके अलावा विराट कोहली ने 27 गेंदों में 42 रनों का योगदान दिया। विराट कोहली ने अपनी पारी में 2 चौके और 4 छक्के लगाए। हालांकि, विल जैक्स, ग्लेन मैक्सवेल, रजत पाटीदार और कैमरून ग्रीन सस्ते में पवेलियन लौट गए, लेकिन इसके बाद दिनेश कार्तिक और स्वप्निल सिंह ने आरसीबी को जीत दिला दी।

बैंगलोर की प्लेऑफ की उम्मीद जिंदा

वहीं, इस जीत के बाद रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने अपनी प्लेऑफ की उम्मीदों को जिंदा रखा है। अब रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के 11 मैचों में 8 अंक हैं। इस तरह फाफ डु प्लेसिस की टीम के प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदें बरकरार हैं।

गुजरात टाइटंस की पूरी टीम 147 रनों पर ढेर

एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए गुजरात टाइटंस 19.3 ओवर में अपने सभी विकेट खोकर 147 रन ही बना पाई। टीम के लिए चौथे स्थान पर बल्लेबाजी करते हुए शाहरुख खान 24 गेंदों में सर्वाधिक 37 रन बनाने में सफल रहे। इस दौरान उनके बल्ले से 5 चौके और 1 छक्का निकला। उनके अलावा छठे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए राहुल तेवतिया ने 21 गेंदों में 35 रनों का योगदान दिया। इस बीच उनके बल्ले से 5 चौके और 1 छक्का भी निकला। इन दोनों बल्लेबाजों के अलावा टीम के तीसरे सबसे बड़े स्कोरर डेविड मिलर रहे। मिलर ने 5वें नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए 20 गेंदों में 30 रनों की पारी खेली।

गुजरात ने पावरप्ले में 23 रन पर गंवाए 3 विकेट

गुजरात की टीम पावरप्ले में सिर्फ दो चौके ही लगा सकी, जिससे साबित होता है कि बल्लेबाज कितने दबाव में थे। पावरप्ले में गुजरात का स्कोर तीन विकेट पर 23 रन था, जो इस सीजन का सबसे कम स्कोर है। सिराज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रिद्धिमान साहा को विकेट के पीछे दिनेश कार्तिक के हाथों कैच कराया। शुबमन गिल डीप प्वाइंट पर विजयकुमार विशक को कैच देकर लौटे। पावरप्ले में कैमरून ग्रीन ने फॉर्म में चल रहे बी साई सुदर्शन के रूप में तीसरा विकेट लिया, जिन्हें मिड ऑफ पर विराट कोहली ने कैच किया।

शाहरुख खान ने 37 रन बनाए

मिलर ने 20 गेंदों में 30 रन और शाहरुख ने 24 गेंदों में 37 रन बनाकर गुजरात को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। इन दोनों ने चौथे विकेट के लिए 37 गेंदों में 61 रन जोड़े। मिलर को 23 के स्कोर पर कर्ण शर्मा की गेंद पर स्क्वायर लेग पर ग्रीन ने जीवनदान दिया। उन्होंने कर्ण को दो छक्के लगाए लेकिन इसी गेंदबाज ने उन्हें डीप में ग्लेन मैक्सवेल के हाथों कैच करा दिया। रन लेने की कोशिश में शाहरुख कोहली के सटीक थ्रो पर रन आउट हो गए। तेवतिया ने 21 गेंदों में 35 रन और राशिद ने 14 गेंदों में 18 रन बनाये। राशिद को यश दयाल ने आउट किया। तेवतिया ने 16वें ओवर में कर्ण को तीन चौके और एक छक्का लगाया।

आरसीबी के लिए यश दयाल सबसे सफल गेंदबाज

गुजरात टाइटंस के खिलाफ रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के लिए यश दयाल सबसे सफल गेंदबाज थे। दयाल ने 4 ओवर फेंके और 21 रन देकर 2 विकेट लिए। उनके अलावा मोहम्मद सिराज और विजयकुमार वैश ने भी 2-2 विकेट लिए, लेकिन वे दयाल से ज्यादा महंगे रहे। इन तीनों गेंदबाजों के अलावा कैमरून ग्रीन और कर्ण शर्मा को 1-1 विकेट मिला।

RELATED ARTICLES
New Delhi
haze
32.1 ° C
32.1 °
32.1 °
37 %
5.1kmh
20 %
Fri
32 °
Sat
40 °
Sun
42 °
Mon
43 °
Tue
44 °

Most Popular