33 C
New Delhi
Tuesday, August 4, 2026
HomeदेशKolkata Rape-Murder Case: कोलकाता की घटना पर देशव्यापी हड़ताल, स्वास्थ्य सेवा ठप,...

Kolkata Rape-Murder Case: कोलकाता की घटना पर देशव्यापी हड़ताल, स्वास्थ्य सेवा ठप, केंद्र सरकार की डॉक्टरों से अपील

Kolkata rape-murder case: कोलकाता की घटना के बाद देशभर में डॉक्टरों ने विरोधस्वरूप हड़ताल कर दी, जिससे स्वास्थ्य सेवाएं ठप हो गई हैं। इस स्थिति को देखते हुए केंद्र सरकार ने डॉक्टरों से हड़ताल समाप्त करने की अपील की है।

Kolkata rape-murder case: कोलकाता की घटना के बाद देशभर में डॉक्टरों ने विरोधस्वरूप हड़ताल कर दी, जिससे स्वास्थ्य सेवाएं ठप हो गई हैं। इस स्थिति को देखते हुए केंद्र सरकार ने डॉक्टरों से हड़ताल समाप्त करने की अपील की है, ताकि मरीजों को जरूरी चिकित्सा सेवाएं मिल सकें। वहीं, भाजपा नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने ममता बनर्जी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनका धरना प्रदर्शन अपराधियों को बचाने के लिए है। इस घटना के विरोध में भाजपा महिला मोर्चा ने कैंडल मार्च निकालते हुए ममता बनर्जी के इस्तीफे की मांग की है। इसके अलावा, कोलकाता पुलिस बैरक में सीबीआई की टीम भी पहुंची, जिसने गिरफ्तार आरोपी के बारे में जानकारी ली। इस घटना को लेकर राजनीतिक और सामाजिक तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है।

कोलकाता पुलिस बैरक पहुंची सीबीआई की टीम

सीबीआई अधिकारियों की एक टीम आरजी कर अस्पताल की जूनियर डॉक्टर के साथ हुए बलात्कार और हत्या की जांच कर रही है। शनिवार को टीम कोलकाता पुलिस की चौथी बटालियन के पुलिस बैरक में पहुंची, जहां गिरफ्तार आरोपी संजय रहता था। केंद्रीय एजेंसी के अधिकारियों ने पुलिस बैरक के अन्य निवासियों से संजय के बारे में अधिक जानकारी प्राप्त करने की कोशिश की। इस बात पर सवाल उठाए जा रहे हैं कि एक नागरिक स्वयंसेवक के रूप में संजय को उस पुलिस बैरक में रहने की अनुमति कैसे दी गई थी, जो नियमित पुलिसकर्मियों के आवास के लिए है।

पटना में बीजेपी महिला मोर्चा ने निकाला कैंडल मार्च

कोलकाता आरजी कर मेडिकल कॉलेज की महिला ट्रेनी डॉक्टर के साथ रेप व मर्डर को लेकर देशभर में हर तरफ विरोध-प्रदर्शन देखने को मिल रहा है। बिहार की राजधानी पटना में बीजेपी महिला मोर्चा की ओर से भाजपा प्रदेश कार्यालय से इनकम टैक्स चौराहे तक कैंडल मार्च निकाला गया। मार्च की शुरुआत भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने की। मार्च में शामिल भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने दोषियों की गिरफ्तारी और प्रदेश के मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के इस्तीफे की मांग की।

कर्नाटक: हुबली में डॉक्टरों की हड़ताल से चरमराई स्वास्थ्य सेवाएं

इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) के निंदा प्रस्ताव के बाद कर्नाटक के हुबली में डॉक्टरों ने हड़ताल करने का ऐलान कर दिया है। हड़ताल के दौरान आपातकालीन सेवाओं को छोड़कर सभी ओपीडी और अन्य स्वास्थ्य सेवाएं बंद रहेंगी, जिससे शहर में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति गंभीर रूप से प्रभावित हो सकती है। इस हड़ताल के मद्देनजर प्रशासन ने स्थिति को संभालने के लिए अलर्ट जारी कर दिया है और शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी संख्या में सैन्य बल तैनात कर दिए हैं। प्रशासन की कोशिश है कि हड़ताल के चलते शहर में किसी तरह की अव्यवस्था न फैले और स्थिति नियंत्रण में रहे।

देशव्यापी विरोध के बीच केंद्र सरकार की डॉक्टरों से अपील

कोलकाता की घटना के विरोध में डॉक्टरों की देशव्यापी हड़ताल के बीच केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास करने का आश्वासन दिया है। इसके साथ ही एक आधिकारिक बयान जारी कर कहा कि वह स्वास्थ्य पेशेवरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उपाय सुझाने हेतु एक समिति गठित करेगा। सरकार का यह आश्वासन फेडरेशन ऑफ रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन, इंडियन मेडिकल एसोसिएशन और दिल्ली के सरकारी मेडिकल कॉलेजों और अस्पतालों के रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन के प्रतिनिधियों द्वारा दिल्ली में केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के अधिकारियों के साथ बातचीत करने के बाद आया है।

RELATED ARTICLES
New Delhi
overcast clouds
33 ° C
33 °
33 °
55 %
2.7kmh
100 %
Mon
33 °
Tue
38 °
Wed
32 °
Thu
34 °
Fri
34 °

Most Popular