25 C
New Delhi
Friday, November 27, 2026
Homeदेशचिप्स-बिस्किट और कोल्ड ड्रिंक के पैकेट पर लगेगी लाल चेतावनी, बच्चों की...

चिप्स-बिस्किट और कोल्ड ड्रिंक के पैकेट पर लगेगी लाल चेतावनी, बच्चों की सेहत पर SC सख्त

नई दिल्ली। पैकेटबंद खाद्य पदार्थों में अधिक मात्रा में चीनी, नमक और फैट के इस्तेमाल को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने सख्त रुख अपनाया है। अदालत ने केंद्र सरकार और भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) को ऐसे खाद्य उत्पादों पर स्पष्ट चेतावनी लेबल लगाने की व्यवस्था प्रभावी बनाने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत हाई फैट, हाई शुगर और हाई साल्ट वाले खाद्य पदार्थों के पैकेट पर लाल रंग के चेतावनी चिन्ह लगाए जाने का प्रस्ताव है। कोर्ट ने कहा कि उपभोक्ताओं को खाद्य उत्पादों की पोषण संबंधी जानकारी आसानी से समझ में आनी चाहिए, ताकि वे सोच-समझकर खरीदारी कर सकें।

हर पोषक तत्व के लिए अलग होगा चेतावनी चिन्ह

जस्टिस जेबी पारदीवाला और जस्टिस के. विनोद चंद्रन की पीठ ने फ्रंट ऑफ पैक न्यूट्रिशन लेबलिंग (FOPNL) को लेकर महत्वपूर्ण निर्देश दिए। इसके तहत जिन खाद्य उत्पादों में निर्धारित सीमा से अधिक फैट, शुगर या नमक होगा, उनके पैकेट के सामने लाल रंग का हेक्सागोन चेतावनी चिन्ह लगाने की व्यवस्था की जाएगी।

प्रत्येक चिन्ह पर संबंधित पोषक तत्व का संकेत और ‘HIGH FAT’, ‘HIGH SUGAR’ या ‘HIGH SALT’ लिखा होगा। यदि किसी उत्पाद में एक से अधिक पोषक तत्व निर्धारित सीमा से ज्यादा पाए जाते हैं, तो हर एक के लिए अलग चेतावनी चिन्ह लगाना होगा। यानी एक ही चिन्ह में सभी पोषक तत्वों की जानकारी देना पर्याप्त नहीं होगा।

खाद्य पदार्थों की लेबलिंग के नियम होंगे सख्त

सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार को खाद्य पदार्थों की पैकेजिंग और लेबलिंग से जुड़े मौजूदा नियमों को प्रभावी तरीके से लागू करने पर जोर दिया। इसमें फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स (लेबलिंग एंड डिस्प्ले) रेगुलेशंस, 2020 भी शामिल हैं। अदालत का मानना है कि पैकेट पर स्पष्ट जानकारी होने से उपभोक्ता खाद्य पदार्थों में मौजूद पोषक तत्वों की मात्रा समझ सकेंगे और बेहतर विकल्प चुन पाएंगे।

स्कूलों में बच्चों को दी जाएगी पोषण की जानकारी

सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने बच्चों में खानपान और पोषण को लेकर जागरूकता बढ़ाने की जरूरत बताई। अदालत ने केंद्र सरकार से स्कूलों के पाठ्यक्रम में जरूरी बदलाव करने और छात्रों के लिए इंटरैक्टिव वर्कशॉप, सह-पाठ्यक्रम गतिविधियां तथा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने पर विचार करने को कहा।

कोर्ट के मुताबिक, बच्चों को शुरुआती उम्र से ही संतुलित खानपान और पोषण के महत्व की जानकारी देना जरूरी है, ताकि वे स्वस्थ खानपान की आदतें विकसित कर सकें।

FSSAI ने पेश किया संशोधित प्रस्ताव

यह मामला एक जनहित याचिका से जुड़ा है, जिसमें पैकेटबंद खाद्य पदार्थों पर फ्रंट ऑफ पैक न्यूट्रिशन लेबलिंग अनिवार्य करने की मांग की गई थी। याचिका में कहा गया था कि चीनी, नमक या फैट में से किसी एक की भी अधिक मात्रा स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकती है। इसलिए चेतावनी के लिए एक से अधिक पोषक तत्वों का निर्धारित सीमा से ज्यादा होना जरूरी नहीं होना चाहिए।

सुनवाई के दौरान FSSAI ने संशोधित प्रस्ताव पेश किया। इसमें किसी एक पोषक तत्व की मात्रा निर्धारित सीमा से अधिक होने पर भी चेतावनी लेबल लगाने का प्रावधान शामिल है। प्रस्ताव के मुताबिक, पैकेट पर सफेद पृष्ठभूमि में लाल रंग का हेक्सागोन चिन्ह लगाया जाएगा।

पोषक तत्वों की अधिकतम सीमा तय करने के लिए भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICMR) के राष्ट्रीय पोषण संस्थान (NIN) की ओर से जारी 2024 के आहार संबंधी दिशानिर्देशों को आधार बनाया जाएगा। इसके अलावा, जिन खाद्य उत्पादों में नॉन-कैलोरिक स्वीटनर का इस्तेमाल किया गया है, उनके पैकेट पर ‘CONTAIN NON CALORIC SWEETENER’ की चेतावनी भी अलग से लिखने का प्रस्ताव है।

RELATED ARTICLES
New Delhi
haze
25 ° C
25.1 °
25 °
41 %
1.5kmh
0 %
Fri
26 °
Sat
26 °
Sun
26 °
Mon
26 °
Tue
26 °

Most Popular