Koffee with Karan 9: मशहूर फिल्ममेकर करण जौहर अपने लोकप्रिय चैट शो ‘कॉफी विद करण’ के नौवें और आखिरी सीजन के साथ लौट आए हैं। इस सीजन की शुरुआत बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान ने की। शो के दौरान सलमान ने अपनी निजी जिंदगी, रिश्तों और अकेलेपन को लेकर खुलकर बातचीत की। इस दौरान उन्होंने पिता बनने की इच्छा जाहिर करते हुए कहा कि एक दिन उनके भी बच्चे होंगे। करण जौहर के साथ उनकी इस बातचीत ने दर्शकों का ध्यान खींचा।
सलमान खान ने अकेलेपन को लेकर क्या कहा?
शो में बातचीत के दौरान करण जौहर ने सलमान खान से पूछा कि आखिर सलमान खान सबके हैं, लेकिन उनका अपना कौन है? इस पर अभिनेता ने जवाब दिया कि उनका परिवार ही उनका अपना है।
इसके बाद करण ने अपनी जिंदगी में अकेलेपन के एहसास का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उनके पास कोई पार्टनर नहीं है और उन्हें पता है कि वह अकेले हैं। इस पर सलमान ने अलग नजरिया रखते हुए कहा कि करण के पास उनकी मां और बच्चे हैं, इसलिए उन्हें खुद को अकेला नहीं समझना चाहिए।
सलमान ने कहा कि अकेलापन तब महसूस होता है, जब कोई आपके साथ रहना ही नहीं चाहता। उन्हें नहीं लगता कि करण के साथ ऐसा है। अभिनेता की इस बात से बातचीत रिश्तों और परिवार के महत्व की ओर मुड़ गई।
‘एक दिन मेरे भी बच्चे होंगे’, सलमान खान ने जाहिर की इच्छा
बातचीत के दौरान करण जौहर ने सलमान से पूछा कि क्या उन्हें अपनी जिंदगी में बच्चे न होने की कमी महसूस होती है। इस सवाल पर अभिनेता ने भविष्य को लेकर अपनी इच्छा जाहिर की।
सलमान ने कहा, ‘बेशक, कभी न कभी मेरे भी बच्चे होंगे। एक दिन।’ करण के दोबारा पूछने पर भी उन्होंने भरोसे के साथ यही बात दोहराई।
करण जौहर ने अपने बच्चों को जिंदगी का बड़ा आशीर्वाद बताया। इस पर सलमान ने भी सहमति जताई और कहा कि जब करण पिता बने थे, तब उन्हें उनके लिए बेहद खुशी हुई थी। अभिनेता ने करण को समझाया कि उनके दो प्यारे बच्चे हैं, इसलिए वह खुद को अकेला नहीं कह सकते।
सलमान ने आगे मजाकिया अंदाज में बच्चों के बड़े होने, उनके रिश्ते बनने, शादी करने और फिर उनके भी बच्चे होने की बात कही। उन्होंने कहा कि एक दिन करण दादा भी बन सकते हैं।
करण जौहर के पिता बनने पर सलमान ने जताई खुशी
शो में सलमान खान ने करण जौहर के पिता बनने के सफर पर भी बात की। उन्होंने बताया कि करण के बच्चे होने पर उन्हें दिल से खुशी हुई थी। सलमान के मुताबिक, बच्चों का जीवन में होना एक बेहद खूबसूरत अनुभव है।
इस बातचीत के दौरान अभिनेता ने परिवार और बच्चों के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि किसी की जिंदगी में पार्टनर न होने का मतलब यह नहीं है कि उसके पास अपना कोई नहीं है।
रिश्तों के लिए किसी और को जिम्मेदार नहीं मानते सलमान
करण जौहर के साथ बातचीत में सलमान खान ने अपनी निजी जिंदगी और रिश्तों को लेकर भी बेबाकी दिखाई। उन्होंने कहा कि पार्टनर के साथ न रह पाने के लिए वह किसी दूसरे व्यक्ति को जिम्मेदार नहीं ठहराते।
सलमान ने कहा कि उन्हें भी किसी ने नहीं रोका और करण ने भी खुद को रोका। उनके मुताबिक, अगर जिंदगी में कुछ फैसले खुद लिए गए हैं, तो उनके लिए पूरी दुनिया को दोष देना सही नहीं है।
अभिनेता ने साफ किया कि पार्टनर के साथ न रहने का फैसला उनका अपना रहा है और वह इसके लिए किसी और को जिम्मेदार नहीं मानते। ‘कॉफी विद करण 9’ में सलमान की इस बातचीत ने उनकी निजी जिंदगी, भविष्य में पिता बनने की इच्छा और रिश्तों को लेकर उनके नजरिए को सामने रखा।
