मनोरंजन डेस्क। करण जौहर के चर्चित चैट शो ‘कॉफी विद करण 9’ का नया प्रोमो रिलीज हो गया है। इस बार शो के काउच पर बॉलीवुड के खिलाड़ी अक्षय कुमार और भोजपुरी सुपरस्टार रवि किशन एक साथ नजर आने वाले हैं। दोनों की जोड़ी प्रोमो में जमकर मस्ती और हंसी-मजाक करती दिखाई दे रही है। खास बात यह है कि इस एपिसोड के लिए रवि किशन का नाम खुद अक्षय कुमार ने सुझाया था। प्रोमो सामने आने के बाद से ही दर्शकों के बीच इस एपिसोड को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है।
अक्षय कुमार ने सुझाया था रवि किशन का नाम
शो के मेकर्स ने प्रोमो शेयर करते हुए बताया कि अक्षय कुमार ने अपने साथ काउच पर बैठने के लिए रवि किशन का नाम सुझाया था। करण जौहर ने भी रवि किशन को GEN Z का पसंदीदा बताया। अक्षय और रवि की जोड़ी शो में किस तरह का मनोरंजन करने वाली है, इसकी झलक नए प्रोमो में देखने को मिल रही है।
प्रोमो में दिखी दोनों की जबरदस्त केमिस्ट्री
नए प्रोमो में अक्षय कुमार और रवि किशन के बीच मजेदार बातचीत देखने को मिल रही है। अक्षय अपनी हाजिरजवाबी से माहौल को खुशनुमा बनाते नजर आ रहे हैं, वहीं रवि किशन भी अपने खास अंदाज और मजेदार जवाबों से करण जौहर को हंसाते दिखाई दे रहे हैं। प्रोमो से अंदाजा लगाया जा सकता है कि दोनों के बीच कई दिलचस्प बातें और मनोरंजक खुलासे होने वाले हैं।
रवि किशन के डांस स्टेप्स पर अक्षय ने की तारीफ
प्रोमो का सबसे मजेदार हिस्सा उस समय देखने को मिलता है, जब करण जौहर रवि किशन की मशहूर ‘बिहार का ब्रैड पिट’ वाली टिप्पणी का जिक्र करते हैं। इस पर रवि किशन हंस पड़ते हैं। इसके बाद अक्षय कुमार उनके चर्चित डांस स्टेप्स की तारीफ करते हुए उन्हें सीखने की इच्छा जताते हैं। फिर दोनों अभिनेता साथ में रवि किशन के मशहूर डांस स्टेप्स करते नजर आते हैं। दोनों का यह अंदाज प्रोमो को और भी मनोरंजक बना रहा है।
कब और कहां देख सकेंगे अक्षय-रवि का एपिसोड?
‘कॉफी विद करण 9’ का सातवां एपिसोड बुधवार शाम 7 बजे जियोहॉटस्टार के ‘द पीकॉक हब’ पर स्ट्रीम होगा। शो के नए एपिसोड हर बुधवार रिलीज किए जा रहे हैं। मेकर्स के मुताबिक, यह शो का आखिरी सीजन है।
इससे पहले छठे एपिसोड में अभिनेत्री अनन्या पांडे और बिजनेसवुमन अनन्या बिड़ला एक साथ नजर आई थीं। उस एपिसोड में अनन्या पांडे के कार्तिक आर्यन को फोन करने पर भी खूब चर्चा हुई थी। अब अक्षय कुमार और रवि किशन की जोड़ी दर्शकों को हंसी और मनोरंजन का नया डोज देने के लिए तैयार है।
