रायपुर : छत्तीसगढ़ में रायपुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे-130 पर सोमवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। बलौदाबाजार जिले के दरचुरा के पास तेज रफ्तार यात्री बस सड़क किनारे खड़ी ट्रक में जा घुसी। हादसे में तीन यात्रियों की मौत हो गई, जबकि करीब 10 लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों की संख्या बढ़ने की आशंका है। दुर्घटना सिमगा थाना क्षेत्र की है।
जानकारी के अनुसार, रॉयल ट्रेवल्स की बस (CG 04 NM 0859) सोमवार सुबह अंबिकापुर से यात्रियों को लेकर रायपुर जा रही थी। बस में करीब 22 यात्री सवार थे, जिनमें से अधिकांश उस समय नींद में थे। सुबह करीब 5:30 बजे दरचुरा के पास बस खड़ी ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में तीन यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 और सिमगा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर उपचार के लिए सिमगा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। वहीं, मृतकों के शव पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं।
फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है, ताकि यातायात प्रभावित न हो। हादसा कैसे हुआ, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस इस बात की भी पड़ताल कर रही है कि कहीं चालक को झपकी आने से तो दुर्घटना नहीं हुई। इसके अलावा, खड़ी ट्रक पर रिफ्लेक्टर लगा था या नहीं, इस पहलू की भी जांच की जा रही है।
