रायपुर। छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान ‘अक्वान’ (Akvan) के संभावित असर को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने सतर्कता बढ़ा दी है। प्रदेश में संभावित बारिश, जलभराव और अन्य आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए सभी जिलों के अस्पतालों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने इसके लिए आठ बिंदुओं पर विशेष तैयारियां सुनिश्चित करने को कहा है।
इस संबंध में संचालनालय स्वास्थ्य सेवाएं, छत्तीसगढ़ की ओर से सभी जिलों के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारियों (CMHO) और सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षकों को पत्र जारी किया गया है। अधिकारियों को अस्पतालों में जरूरी चिकित्सा सुविधाओं, संसाधनों और आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
विभाग के मुताबिक, भारत सरकार के गृह मंत्रालय के इंटीग्रेटेड कंट्रोल रूम फॉर इमरजेंसी रिस्पांस (ICR-ER) की एडवाइजरी में 20 और 21 नवंबर को छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और कुछ स्थानों पर भारी बारिश की आशंका जताई गई है। ऐसे में संभावित बाढ़, जलभराव और बिजली आपूर्ति बाधित होने जैसी स्थितियों से निपटने के लिए स्वास्थ्य संस्थानों को पहले से तैयार रहने को कहा गया है।
अस्पतालों को इन 8 बिंदुओं पर तैयारी के निर्देश
- जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र समेत जिले के सभी स्वास्थ्य संस्थानों को अलर्ट पर रखा जाए। विशेष रूप से संवेदनशील क्षेत्रों के अस्पतालों में सतर्कता बरती जाए।
- अस्पतालों में जरूरी दवाइयों, चिकित्सा सामग्री, ऑक्सीजन और जीवनरक्षक उपकरणों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
- बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति के लिए जनरेटर और वैकल्पिक विद्युत व्यवस्था तैयार रखी जाए। ऑक्सीजन सप्लाई सिस्टम की कार्यशीलता भी जांची जाए।
- एंबुलेंस और आपातकालीन परिवहन सेवाओं को सक्रिय रखा जाए, ताकि जरूरत पड़ने पर मरीजों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया जा सके।
- बाढ़ और जलभराव की आशंका वाले क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं जारी रखने के लिए वैकल्पिक इंतजाम किए जाएं। मेडिकल टीमों को भी तैयार रखा जाए।
- अस्पताल परिसरों में जल निकासी, छत, बिजली के उपकरणों और चिकित्सा संबंधी जरूरी व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर कमियों को तत्काल दूर किया जाए।
- जिला स्तर पर आपदा प्रबंधन नियंत्रण कक्ष और हेल्पलाइन के साथ समन्वय बनाए रखा जाए, ताकि आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके।
- किसी भी तरह की आपातकालीन स्थिति, अस्पताल को नुकसान, मरीजों की संख्या में अचानक बढ़ोतरी या स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित होने की जानकारी तत्काल राज्य स्तर पर भेजी जाए।
स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित न हों, इसलिए सख्ती
स्वास्थ्य विभाग ने सभी संबंधित अधिकारियों को इन निर्देशों का प्राथमिकता के आधार पर पालन करने को कहा है। विभाग का उद्देश्य संभावित खराब मौसम के दौरान अस्पतालों में चिकित्सा सुविधाओं को सुचारू बनाए रखना है। साथ ही, किसी भी आपात स्थिति में मरीजों को बिना देरी के जरूरी उपचार उपलब्ध कराने के लिए सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने पर जोर दिया गया है।
