35 C
New Delhi
Wednesday, August 19, 2026
Homeबिजनेससोने की कीमतों में जोरदार उछाल, 24 घंटे में 1,500 रुपए से...

सोने की कीमतों में जोरदार उछाल, 24 घंटे में 1,500 रुपए से अधिक का इजाफा, चांदी भी हुई महंगी

Gold price: सोने की कीमतों में एक बार फिर से तेजी देखने को मिल रही है। बीते 24 घंटे में 24 कैरेट के 10 ग्राम सोने के दाम में 1,500 रुपए से अधिक बढ़ गया है।

Gold price: देशभर में सोने और चांदी की कीमतों में एक बार फिर से तेजी देखने को मिल रही है। बीते 24 घंटों में घरेलू बाजार में सोने के दामों में भारी उछाल आया है। इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) द्वारा बुधवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, 24 कैरेट सोना 1,502 रुपए की बड़ी छलांग के साथ 95,309 रुपए प्रति 10 ग्राम के स्तर पर पहुंच गया, जो पहले 93,807 रुपए प्रति 10 ग्राम था। इस वृद्धि के पीछे वैश्विक आर्थिक संकेतकों और डॉलर की कमजोरी को मुख्य वजह माना जा रहा है।

Gold price: 22 और 18 कैरेट सोने की कीमतों में भी बढ़ोतरी

सिर्फ 24 कैरेट ही नहीं, बल्कि 22 कैरेट और 18 कैरेट सोने के दामों में भी इजाफा दर्ज किया गया है। 22 कैरेट सोना अब 87,303 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया है, जो पहले 85,927 रुपए था। वहीं 18 कैरेट सोना 1,127 रुपए बढ़कर 71,482 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गया, जो पहले 70,355 रुपए था। इस तेजी से उन उपभोक्ताओं को झटका लगा है जो आने वाले समय में शादी या अन्य पारंपरिक कार्यक्रमों के लिए आभूषणों की खरीदारी करने की योजना बना रहे थे।

Gold price: चांदी भी उछली, 1,760 रुपए का इजाफा

केवल सोने की ही नहीं, बल्कि चांदी की कीमतों में भी जबरदस्त उछाल देखा गया है। पिछले 24 घंटों में चांदी का भाव 1,760 रुपए बढ़ गया है। अब चांदी का रेट 97,332 रुपए प्रति किलोग्राम हो गया है, जो कि पहले 95,572 रुपए प्रति किलो था। सोने-चांदी दोनों की कीमतों में आई तेजी से सर्राफा बाजार में हलचल तेज हो गई है।

Gold price: क्यों बढ़ रहे हैं दाम?

जानकारों के अनुसार, अमेरिका की कमजोर होती अर्थव्यवस्था और डॉलर में गिरावट के चलते निवेशक सुरक्षित विकल्प के तौर पर सोने में निवेश कर रहे हैं। इसी कारण अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी सोने और चांदी की कीमतें चढ़ रही हैं। हाल ही में अंतरराष्ट्रीय रेटिंग एजेंसी मूडीज (Moody’s) द्वारा अमेरिका की क्रेडिट रेटिंग को घटाया गया था। इससे वैश्विक निवेशकों में असमंजस की स्थिति बनी और उन्होंने जोखिम से बचने के लिए गोल्ड में निवेश करना शुरू कर दिया। सोने को हमेशा से ही संकट काल में ‘सुरक्षित निवेश’ माना जाता रहा है। डॉलर के मुकाबले कमजोर होती अमेरिकी अर्थव्यवस्था ने सोने की चमक को और बढ़ा दिया है।

वायदा बाजार में भी तेजी

मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर भी सोने-चांदी के भाव चढ़ते नजर आ रहे हैं। सोने का 5 जून 2025 का कॉन्ट्रैक्ट 0.35% की बढ़त के साथ 95,170 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। वहीं, चांदी का 4 जुलाई 2025 का कॉन्ट्रैक्ट 0.45% की बढ़त के साथ 97,726 रुपए प्रति किलोग्राम पर ट्रेड करता दिखा।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में क्या हाल?

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी कीमती धातुओं की कीमतों में मजबूती देखी जा रही है। अमेरिकी बाजार कॉमेक्स (COMEX) पर सोना 0.50% की तेजी के साथ 3,300 डॉलर प्रति औंस के करीब पहुंच गया है। वहीं चांदी 0.27% की बढ़त के साथ 33 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही है।

निवेशकों के लिए संकेत

विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले दिनों में अगर डॉलर और गिरता है या अमेरिका की आर्थिक स्थिति और कमजोर होती है, तो सोने की कीमतें और ऊपर जा सकती हैं। हालांकि, निवेशकों को बाजार में बढ़ती अस्थिरता को देखते हुए सतर्क रहना चाहिए और दीर्घकालिक दृष्टिकोण से ही निवेश करना चाहिए। इस तेजी ने स्पष्ट संकेत दिया है कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियां और घरेलू मांग दोनों मिलकर निकट भविष्य में कीमती धातुओं के बाजार को गर्म रख सकते हैं।

यह भी पढ़ें:-

वीजा हो रहा कैंसिल, अब व्यापारिक रिश्ते खत्म करेगा महाराष्ट्र चैंबर ऑफ कॉमर्स: पाक का साथ देकर बुरे फंसे तुर्की और अजरबैजान

RELATED ARTICLES
New Delhi
broken clouds
35 ° C
35 °
34.1 °
59 %
3.1kmh
52 %
Wed
34 °
Thu
37 °
Fri
40 °
Sat
40 °
Sun
39 °

Most Popular