27 C
New Delhi
Tuesday, November 24, 2026
Homeबिजनेसनेपाल के विकास में भारत की बड़ी पहल, 24 हजार करोड़ का...

नेपाल के विकास में भारत की बड़ी पहल, 24 हजार करोड़ का पैकेज और IIT कैंपस की सौगात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अयोध्या धाम और जनकपुर धाम के बीच चलने वाली सरयू-कमला एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। भगवान श्रीराम की जन्मस्थली अयोध्या और माता सीता की जन्मस्थली जनकपुर को जोड़ने वाली इस ट्रेन के उद्घाटन समारोह में पीएम मोदी ने नेपाल के लिए 24,000 करोड़ नेपाली रुपये के आर्थिक सहयोग पैकेज की घोषणा की। इसके साथ ही उन्होंने नेपाल में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) का ऑफशोर कैंपस स्थापित करने की भी जानकारी दी।

भारत-नेपाल के रिश्ते केवल पड़ोस तक सीमित नहीं: पीएम मोदी

ट्रेन को रवाना करने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने भारत और नेपाल के संबंधों को साझा विश्वास, संस्कृति और अपनेपन का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि दोनों देशों की खुशियां और चुनौतियां एक-दूसरे से जुड़ी हुई हैं। भारत और नेपाल एक-दूसरे की प्रगति में भागीदार हैं और मुश्किल समय में भी साथ खड़े रहते हैं।

पीएम मोदी ने नेपाल में अगस्त में आई भीषण बाढ़ से हुई जनहानि पर संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि नेपाल के पुनर्निर्माण और दीर्घकालिक विकास को मजबूती देने के उद्देश्य से भारत 24,000 करोड़ नेपाली रुपये के विकास सहयोग पैकेज की शुरुआत कर रहा है।

मुश्किल हालात में भी नेपाल को जारी रखी जरूरी वस्तुओं की सप्लाई

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत और नेपाल के संबंध साझा इतिहास, आस्था, संस्कृति और दोनों देशों के लोगों के बीच गहरे जुड़ाव पर आधारित हैं। भगवान श्रीराम और माता सीता दोनों देशों की साझा सभ्यता और आस्था के प्रतीक हैं।

उन्होंने बताया कि भारत लंबे समय से नेपाल को पेट्रोलियम पदार्थों और अन्य जरूरी वस्तुओं की आपूर्ति करता रहा है। तेल सप्लाई से जुड़ी गंभीर चुनौतियों के बावजूद भारत ने नेपाल को ईंधन, उर्वरक और अन्य आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति जारी रखी। पीएम ने इसे भारत की ‘पड़ोसी प्रथम नीति’ का हिस्सा बताया।

नेपाल में बनेगा IIT का ऑफशोर कैंपस

पीएम मोदी ने नेपाल में शिक्षा, तकनीक और उद्योग के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने की योजनाओं का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि भारत नेपाल में स्टार्टअप इंक्यूबेटर, इनोवेशन हब और IIT का ऑफशोर कैंपस स्थापित करने में सहयोग करेगा।

इसके अलावा नेपाली छात्रों के लिए भारत में कानून और तकनीक के क्षेत्र में स्कॉलरशिप के अवसर बढ़ाए जाएंगे। दोनों देशों के बीच कृषि और उद्योग को बढ़ावा देने के लिए नेपाल में एग्रो-इंडस्ट्रियल पार्क विकसित करने में भी भारत सहयोग करेगा। इससे फूड प्रोसेसिंग और कृषि उत्पादों के मूल्य संवर्धन को प्रोत्साहन देने की योजना है।

RELATED ARTICLES
New Delhi
haze
27 ° C
27 °
26.1 °
41 %
4.6kmh
0 %
Tue
26 °
Wed
26 °
Thu
27 °
Fri
27 °
Sat
27 °

Most Popular