रायपुर: छत्तीसगढ़ में पुलिस विभाग में नौकरी पाने की तैयारी कर रहे स्थानीय युवाओं के लिए अच्छी खबर है। छत्तीसगढ़ पुलिस ने बस्तर जिले में बस्तर फाइटर आरक्षक के 79 रिक्त पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। इस भर्ती में केवल बस्तर जिले के मूल निवासी ही आवेदन कर सकेंगे। भर्ती प्रक्रिया छत्तीसगढ़ पुलिस विशेष कार्यपालिक बल (बस्तर फाइटर्स) के तहत पूरी की जाएगी। इस भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया 2 नवंबर से शुरू हो चुकी है। इच्छुक अभ्यर्थी 12 दिसंबर 2026 को शाम 5 बजे तक आवेदन जमा कर सकते हैं। निर्धारित समय के बाद प्राप्त होने वाले आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। ऐसे में पात्र उम्मीदवारों को समय सीमा के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
शैक्षणिक योग्यता में विशेष छूट
बस्तर फाइटर आरक्षक भर्ती के लिए अलग-अलग वर्गों के अनुसार शैक्षणिक योग्यता निर्धारित की गई है। सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम 10वीं पास होना अनिवार्य है। वहीं, अनुसूचित जनजाति वर्ग और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के पात्र परिवारों के अभ्यर्थियों को विशेष छूट दी गई है। ऐसे उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 5वीं पास रखी गई है। आवेदन के दौरान अभ्यर्थियों को अपनी शैक्षणिक योग्यता, वर्ग और पात्रता से संबंधित आवश्यक प्रमाण पत्र भी जमा करने होंगे। उम्मीदवारों को आवेदन करने से पहले भर्ती का आधिकारिक विज्ञापन पढ़ने की सलाह दी गई है, ताकि दस्तावेजों या जानकारी में किसी तरह की गलती न हो।
कहां और कैसे जमा करें आवेदन?
इस भर्ती के लिए आवेदन की प्रक्रिया पूरी तरह ऑफलाइन रखी गई है। उम्मीदवार निर्धारित प्रारूप में आवेदन पत्र भरकर जरूरी दस्तावेजों की प्रतियों के साथ संबंधित कार्यालय में जमा कर सकते हैं। आवेदन जमा करने के लिए पुलिस अधीक्षक कार्यालय जगदलपुर और रक्षित केंद्र जगदलपुर में व्यवस्था की गई है। इसके अलावा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी कार्यालय केशलूर (परपा), लोहंडीगुड़ा और भानपुरी में भी आवेदन जमा किए जा सकते हैं। जो अभ्यर्थी स्वयं कार्यालय पहुंचकर आवेदन जमा नहीं कर सकते, वे पंजीकृत डाक के माध्यम से भी आवेदन भेज सकते हैं। हालांकि, डाक से भेजे गए आवेदन भी 12 दिसंबर 2026 को शाम 5 बजे तक संबंधित कार्यालय में पहुंचना अनिवार्य है। इसके बाद मिलने वाले आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा।
