भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में खेल सुविधाओं को नई पहचान मिलने जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 22 नवंबर को नाथू बरखेड़ा अंतरराष्ट्रीय खेल परिसर के पहले चरण का विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर लोकार्पण किया। करीब 134 एकड़ में फैले इस खेल परिसर के निर्माण पर लगभग 1000 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इस अवसर पर विभिन्न देशों की टीमों ने मार्च पास्ट किया। वहीं, प्रसिद्ध गायक सुखविंदर सिंह का भी सम्मान किया गया।
लोकार्पण समारोह को खास बनाने के लिए मुख्यमंत्री ने जनता और खिलाड़ियों को भी इस ऐतिहासिक पल का हिस्सा बनाया। उन्होंने एशियन गेम्स, पैरा एशियन गेम्स और कॉमनवेल्थ गेम्स में मध्यप्रदेश एवं देश का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को प्रोत्साहन स्वरूप 9 करोड़ 23 लाख रुपये की राशि चेक के माध्यम से प्रदान की। कार्यक्रम के बाद गायक सुखविंदर सिंह ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन किया।
मोबाइल की टॉर्च जलाकर जनता ने किया लोकार्पण
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि खेलों के इतिहास में भोपाल के लिए आज का दिन स्वर्णिम है। उन्होंने समारोह में मौजूद युवाओं और खिलाड़ियों से मोबाइल की टॉर्च जलाकर लोकार्पण में शामिल होने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री ने भी अपनी मोबाइल टॉर्च जलाकर जनता के साथ इस पल को यादगार बनाया।
उन्होंने कहा कि मोबाइल की रोशनी उल्लास, उमंग और उत्साह का प्रतीक है। यह दृश्य देश और प्रदेश में खेलों के उज्ज्वल भविष्य का संदेश दे रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत खेलों के क्षेत्र में लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है।
हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहा भारत
केंद्रीय मंत्री दुर्गादास उइके ने कहा कि भोपाल में अंतरराष्ट्रीय स्तर का स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनना प्रदेश के लिए गर्व की बात है। भारत दुनिया का सबसे युवा देश है और मध्यप्रदेश में भी बड़ी संख्या में युवा आबादी निवास करती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश खेलों सहित विभिन्न क्षेत्रों में प्रगति कर रहा है।
खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने कहा कि भोपाल को खेल परिसर के रूप में बड़ी सौगात मिली है। प्रधानमंत्री का लक्ष्य वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है। इसके लिए शहरों और गांवों का विकास करने के साथ युवाओं को सही दिशा देना जरूरी है। उन्होंने कहा कि देश को मजबूत बनाने के लिए युवाओं का फिट रहना भी आवश्यक है।
दो साल में देश का बेहतर स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर बनाने का लक्ष्य
मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव खेलों के विकास के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। मध्यप्रदेश पहले खेलों के क्षेत्र में 17वें स्थान पर था, लेकिन अब तीसरे स्थान पर पहुंच गया है। सरकार का लक्ष्य अगले दो वर्षों में प्रदेश को देश का सबसे बेहतर स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर वाला राज्य बनाना है।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स विकसित किए जा रहे हैं। सरकार मध्यप्रदेश को खेलों का प्रमुख केंद्र बनाने के साथ भोपाल को खेल राजधानी के रूप में स्थापित करना चाहती है।
भोपाल में बनेगा क्रिकेट स्टेडियम, एशियन चैंपियनशिप की भी तैयारी
मंत्री सारंग ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल में क्रिकेट स्टेडियम के निर्माण को मंजूरी दे दी है। इसके साथ ही प्रदेश में एशियन चैंपियनशिप आयोजित करने की भी योजना है। उन्होंने कहा कि भोपाल की हॉकी को पुरानी पहचान दिलाने के लिए भी प्रयास किए जाएंगे।
वहीं, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि इस खेल परिसर के बनने से भोपाल में खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। आने वाले समय में यहां से प्रतिभाशाली खिलाड़ी निकलेंगे और देश-प्रदेश का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि यह पहल मध्यप्रदेश को खेलों के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में मददगार साबित होगी।
