26 C
New Delhi
Thursday, November 19, 2026
Homeछत्तीसगढ़CGBSE Practical Exam: जनवरी में होंगी 10वीं-12वीं की प्रैक्टिकल परीक्षाएं, बोर्ड ने...

CGBSE Practical Exam: जनवरी में होंगी 10वीं-12वीं की प्रैक्टिकल परीक्षाएं, बोर्ड ने तय की तारीख

रायपुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (CGBSE) ने वर्ष 2027 की बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी शुरू कर दी है। इसी कड़ी में मंडल ने कक्षा 10वीं और 12वीं के नियमित विद्यार्थियों की प्रायोगिक परीक्षाओं और प्रोजेक्ट वर्क के लिए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इसके अनुसार, दोनों कक्षाओं की प्रैक्टिकल परीक्षाएं और परियोजना कार्य 1 जनवरी से 20 जनवरी 2027 तक संबंधित स्कूलों में आयोजित किए जाएंगे। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि बाह्य परीक्षकों की नियुक्ति केवल मंडल की ओर से होगी। स्कूल प्रबंधन अपने स्तर पर बाहरी परीक्षक नियुक्त नहीं कर सकेंगे।

बाह्य और आंतरिक परीक्षकों की नियुक्ति के नियम

बोर्ड के निर्देशों के मुताबिक, प्रायोगिक परीक्षाओं के लिए बाह्य परीक्षकों की नियुक्ति मंडल करेगा, जबकि आंतरिक परीक्षक संबंधित स्कूलों के विषय शिक्षकों में से बनाए जाएंगे। वहीं, प्रोजेक्ट वर्क के मूल्यांकन के लिए किसी बाहरी परीक्षक की नियुक्ति नहीं होगी। इसका मूल्यांकन संबंधित विषय शिक्षक ही करेंगे। यदि कोई स्कूल अपने स्तर पर बाह्य परीक्षक नियुक्त करता है तो संबंधित परीक्षा मान्य नहीं होगी।

दो पालियों में आयोजित होंगी परीक्षाएं

प्रायोगिक परीक्षाओं के लिए बोर्ड ने दो पालियों का समय निर्धारित किया है।

पालीपरीक्षा का समय
पहली पालीसुबह 8 से 11 बजे तक
दूसरी पालीदोपहर 2 से शाम 5 बजे तक

परीक्षाओं और प्रोजेक्ट वर्क की व्यवस्था पर नजर रखने के लिए बोर्ड की ओर से स्कूलों का औचक निरीक्षण भी किया जाएगा।

31 जनवरी तक ऑनलाइन अपलोड करने होंगे अंक

सभी स्कूलों को प्रैक्टिकल परीक्षा और प्रोजेक्ट वर्क के प्राप्तांक 31 जनवरी 2027 तक मंडल के ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड करने होंगे। प्राचार्यों को पोर्टल लॉक करने से पहले सभी प्रविष्टियों की अच्छी तरह जांच करनी होगी। एक बार पोर्टल लॉक होने के बाद अंकों में संशोधन नहीं किया जा सकेगा।

निर्धारित समय में अंक अपलोड नहीं करने वाले स्कूलों को पोर्टल दोबारा खुलवाने के लिए प्रतिदिन 1,000 रुपये प्रति संस्था विलंब शुल्क देना होगा। इसके लिए पोर्टल केवल दो दिनों के लिए खोला जाएगा। बोर्ड ने साफ किया है कि यह शुल्क विद्यार्थियों से नहीं वसूला जा सकेगा।

अनुपस्थित विद्यार्थियों को नहीं मिलेगा दोबारा मौका

बोर्ड ने प्रैक्टिकल परीक्षा और प्रोजेक्ट वर्क को लेकर सख्त नियम बनाए हैं। यदि कोई विद्यार्थी निर्धारित तारीख पर अनुपस्थित रहता है तो उसे अनुपस्थित दर्ज किया जाएगा। ऐसे विद्यार्थियों को विशेष अनुमति या दोबारा परीक्षा देने का अवसर नहीं मिलेगा। इसकी जिम्मेदारी संबंधित विद्यार्थी और स्कूल के प्राचार्य की होगी।

12वीं के पर्यावरण अध्ययन में दो प्रोजेक्ट अनिवार्य

कक्षा 12वीं के पर्यावरण अध्ययन विषय के लिए स्कूलों को शिक्षण गतिविधियों के साथ दो प्रोजेक्ट कार्य करवाने होंगे। इसके अलावा 50 अंकों की परीक्षा आयोजित करना भी अनिवार्य होगा। इस परीक्षा के अंक भी 31 जनवरी 2027 तक ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज करने होंगे।

दिव्यांग विद्यार्थियों को मिलेगी विशेष सुविधा

बोर्ड ने दिव्यांग विद्यार्थियों की सुविधा का भी ध्यान रखा है। 40 प्रतिशत या उससे अधिक दिव्यांगता वाले विद्यार्थियों को अनुरोध करने पर उनकी जरूरत के अनुसार लेखक (Scribe), रीडर या प्रयोगशाला सहायक उपलब्ध कराया जाएगा।

छह महीने तक सुरक्षित रखने होंगे परीक्षा रिकॉर्ड

स्कूलों को प्रैक्टिकल और प्रोजेक्ट वर्क से संबंधित सीलबंद अंक रिकॉर्ड तथा मूल्यांकन की गई उत्तर पुस्तिकाओं को बोर्ड परीक्षा परिणाम घोषित होने की तारीख से छह महीने तक सुरक्षित रखना होगा।

मंडल ने यह भी स्पष्ट किया है कि परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद प्रायोगिक परीक्षा या प्रोजेक्ट वर्क के अंकों में बदलाव के अनुरोध स्वीकार नहीं किए जाएंगे। ऑनलाइन अंक दर्ज करने में लापरवाही या गलती पाए जाने पर संबंधित जिम्मेदार लोगों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा सकती है।

छत्तीसगढ़ बोर्ड प्रैक्टिकल परीक्षा 2027: महत्वपूर्ण तारीखें

विवरणतारीख
दिशा-निर्देश जारी17 नवंबर 2026
प्रैक्टिकल और प्रोजेक्ट वर्क1 से 20 जनवरी 2027
अंक अपलोड करने की अंतिम तारीख31 जनवरी 2027
RELATED ARTICLES
New Delhi
haze
26 ° C
26 °
24.1 °
44 %
1.5kmh
0 %
Thu
26 °
Fri
26 °
Sat
27 °
Sun
27 °
Mon
28 °

Most Popular