रायपुर। शहरवासियों के लिए राहत भरी खबर है। अब घर के बाहर कचरा गाड़ी नहीं पहुंचने पर लोगों को नगर निगम कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। रायपुर नगर निगम ऐसी डिजिटल व्यवस्था शुरू करने जा रहा है, जिसके तहत नागरिक अपने मोबाइल पर कचरा गाड़ी की लाइव लोकेशन और उसके पहुंचने का संभावित समय देख सकेंगे। इसके लिए सभी कचरा वाहनों को GPS आधारित निगरानी प्रणाली से जोड़ा जाएगा।
इंदौर की विशेषज्ञ एजेंसी संभाल रही व्यवस्था
शहर की सफाई व्यवस्था को आधुनिक बनाने के लिए इंदौर में सफाई निगरानी का काम कर रही विशेषज्ञ एजेंसी की मदद ली जा रही है। इसके तहत अब तक 50 से 60 कचरा वाहनों के रूट डिजिटल किए जा चुके हैं।
नई व्यवस्था में यदि कोई वाहन तय रास्ते से भटकता है, 30 मिनट से ज्यादा देरी करता है या किसी स्थान पर 15 से 20 मिनट तक बिना वजह खड़ा रहता है, तो कंट्रोल रूम में अपने आप रेड फ्लैग अलर्ट जारी हो जाएगा। इससे अधिकारी तुरंत संबंधित वाहन की स्थिति की जानकारी ले सकेंगे।
5 मिनट में पता चलेगी शिकायत की सच्चाई
यदि कोई नागरिक कचरा गाड़ी नहीं आने की शिकायत करता है, तो निगम अधिकारी महज 5 मिनट में वाहन के GPS रिकॉर्ड की जांच कर सकेंगे। इससे यह पता लगाना आसान होगा कि गाड़ी संबंधित इलाके में पहुंची थी या नहीं।
इसके साथ ही सड़कों और नालियों की सफाई का रिकॉर्ड भी डिजिटल किया जाएगा। सफाई कार्य शुरू होने से पहले और पूरा होने के बाद की तस्वीरें अपलोड की जाएंगी, ताकि काम की निगरानी और उसकी गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सके।
CCTV से रखी जाएगी गंदगी फैलाने वालों पर नजर
सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने वालों पर कार्रवाई के लिए शहर के संवेदनशील इलाकों में CCTV कैमरे लगाए जा रहे हैं। इसके अलावा सफाईकर्मी भी सड़क या नाली में कचरा फेंकने वालों की तस्वीरें समय और लोकेशन के साथ अपलोड कर सकेंगे। इन सबूतों के आधार पर संबंधित लोगों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की जाएगी।
कचरे के ढेर वाली जगहों पर बनेंगे ग्रीन कॉर्नर
नगर निगम खाली प्लॉटों और मोहल्लों में कचरे के ढेर वाली जगहों को सुंदर पार्क और ग्रीन कॉर्नर में बदलने की योजना पर भी काम कर रहा है। टूरी हटरी और गुरु तेग बहादुर उद्यान की तर्ज पर अब सभी जोनों को हर सप्ताह दो-दो स्थानों का कायाकल्प करने का लक्ष्य दिया गया है।
इन जगहों पर पौधरोपण, बेहतर लाइटिंग, पेवर ब्लॉक और लोगों के बैठने की व्यवस्था की जाएगी। इससे शहर की सफाई व्यवस्था बेहतर होने के साथ-साथ सार्वजनिक स्थानों का भी सौंदर्यीकरण होगा।
