35.9 C
New Delhi
Monday, October 5, 2026
Homeदुनियागाजा को लेकर इजरायली मंत्री बेन-ग्विर के बयान से मचा बवाल, बोले-...

गाजा को लेकर इजरायली मंत्री बेन-ग्विर के बयान से मचा बवाल, बोले- हर रात 30-40 लोगों को मारना चाहिए

अक्तूबर 2023 में इजरायल पर हमास के हमले के बाद इजरायली सेना ने हमास की कमर तोड़ने के साथ ही गाजा पर बमबारी कर उसे खंडहर में तब्दील करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। वहीं अब  इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की गठबंधन सरकार में शामिल एक कट्टरपंथी सांसद ने सार्वजनिक रूप से  गाजा में हर रात 30 से 40 लोगों को मारने की बात कही है। उनके इस बयान से बवाल मच गया है।  राष्ट्रीय सुरक्षा मंत्री इतमर बेन-ग्विर की यह टिप्पणी  फलस्तीनी मीडिया में तेजी से प्रसारित हुई।

गाजा में लोगों को निशाना बनाकर मारना चाहिए-बेन-ग्विर

इतमर बेन-ग्विर ने गाजा में पूर्व में बंधक बनाए गए रोम ब्रास्लाव्स्की के पॉडकास्ट में यह बयान दिया। दोनों सात अक्टूबर, 2023 को हमास के हमले के बाद इजरायल के हालात पर चर्चा कर रहे थे। इस दौरान बेन-ग्विर ने गाजा में इजरायल के हालिया हवाई हमलों में कमी की आलोचना की। उन्होंने कहा, ”यह कोई रहस्य नहीं है कि मैं प्रधानमंत्री से असहमत हूं। मेरा मानना है कि गाजा में लोगों को निशाना बनाकर मारना चाहिए और हर रात 30 से 40 लोगों को निशाना बनाया जाना चाहिए। केवल उन लोगों को नहीं, जो तत्काल खतरा हैं, वहां कुछ ऐसे लोग भी हैं जो जीने के लायक नहीं हैं। उन्हें जीवित नहीं छोड़ना चाहिए।”

इजरायल के प्रभावशाली नेताओं में हैं बेन-ग्विर

बेन-ग्विर और अन्य इजरायली अधिकारियों के इस तरह के बयानों की पहले भी व्यापक स्तर पर आलोचना होती रही है। कई ऐसे बयानों को नरसंहार की मंशा के सबूत के तौर पर संयुक्त राष्ट्र की विश्व अदालत के समक्ष भी पेश किया गया है। हालांकि, इजरायल गाजा में नरसंहार के आरोपों से इनकार करता है। बेन-ग्विर के पास इजरायल की सेना को सीधे हमले का आदेश देने का अधिकार नहीं है, लेकिन वह देश के प्रभावशाली नेताओं में शामिल हैं। वह इजरायल की जेलों और राष्ट्रीय पुलिस सहित सुरक्षा तंत्र के महत्वपूर्ण हिस्सों की जिम्मेदारी संभालते हैं। गाजा में जारी संघर्ष के बीच इजरायल के हमलों में बड़ी संख्या में लोगों की मौत हुई है। वहीं, हमास के खिलाफ युद्ध को लेकर संघर्षविराम की कोशिशें भी जारी हैं।

गाजा योजना पर कुशनर ने हमास प्रमुख से की मुलाकात

अमेरिका के वार्ताकार और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दामाद जेरेड कुशनर ने गाजा में संघर्ष विराम को आगे बढ़ाने के नए कूटनीतिक प्रयास के तहत रविवार को हमास प्रमुख से मुलाकात की। कुशनर इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से भी मुलाकात करेंगे। इन वार्ताओं का उद्देश्य अमेरिका समर्थित 15 सूत्री योजना को आगे बढ़ाना है। इस योजना के तहत हमास को गाजा में हथियार छोड़ने और इजरायल को युद्ध से तबाह फलस्तीनी क्षेत्र से अपनी सेना वापस बुलाने की बात कही गई है। हमास के नेता खलील अल-हय्या के साथ कुशनर की इस दुर्लभ मुलाकात की पुष्टि एक क्षेत्रीय अधिकारी और हमास के एक अधिकारी ने की। दोनों ने नाम नहीं बताने की शर्त पर जानकारी दी, क्योंकि उन्हें पत्रकारों से बात करने की अनुमति नहीं थी। कुशनर के अलावा मिस्र, कतर तथा तुर्किये के अधिकारियों ने भी अल-हय्या के साथ बैठक में हिस्सा लिया।

इस बीच दक्षिणी लेबनान में इजरायली एयरस्ट्राइक के बाद इजरायल और हिजबुल्लाह के बीच तनाव फिर बढ़ गया है। इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने आरोप लगाया कि हिजबुल्लाह ने सीजफायर का उल्लंघन करते हुए इजरायली सैनिकों पर हमला किया, जिसमें तीन सैनिक गंभीर रूप से घायल हुए। इसके जवाब में इजरायली सेना ने हिजबुल्लाह के ठिकाने पर हमला किया।

RELATED ARTICLES
New Delhi
clear sky
35.9 ° C
35.9 °
35.9 °
39 %
4.1kmh
0 %
Mon
35 °
Tue
36 °
Wed
37 °
Thu
37 °
Fri
37 °

Most Popular