Commonwealth Games 2026 Closing Ceremony: कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 अब अपने आखिरी पड़ाव पर पहुंच गया है। रविवार को ग्लास्गो में होने वाली क्लोजिंग सेरेमनी सिर्फ गेम्स के समापन का जश्न नहीं होगा, बल्कि भारत के लिए भी यह ऐतिहासिक पल साबित होगा। इसी समारोह के दौरान आधिकारिक तौर पर 2030 कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी का बैटन और ध्वज अहमदाबाद को सौंपा जाएगा। भारत की नजर अंतिम दिन अपने 39 मेडल के आंकड़े में इजाफा करने पर भी रहेगी। वहीं, क्लोजिंग सेरेमनी में भारतीय संस्कृति की झलक दुनिया के सामने पेश की जाएगी। मशहूर गायक शंकर महादेवन और अभिनेत्री रश्मिका मंदाना अपनी प्रस्तुति से अहमदाबाद 2030 की झलक दिखाएंगे। गुजरात पर आधारित विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम के जरिए दुनिया को भारत की परंपरा, विविधता और आधुनिकता का संदेश दिया जाएगा।
क्लोजिंग सेरेमनी में होगा भरपूर मनोरंजन
क्लोजिंग सेरेमनी के दौरान सबसे पहले ग्लास्गो से अहमदाबाद को मेजबानी का प्रतीक किंग्स बैटन और कॉमनवेल्थ गेम्स का ध्वज सौंपा जाएगा। यह पल इसलिए भी खास होगा क्योंकि2030 में आयोजित होने वाले कॉमनवेल्थ गेम्स इस प्रतियोगिता के 100 वर्ष पूरे होने का जश्न भी होंगे। पहला कॉमनवेल्थ गेम्स 1930 में कनाडा के हैमिल्टन में आयोजित हुआ था।
क्लोजिंग सेरेमनी में भारतीय सितार वादक ऋषभ रिखीराम शर्मा और स्कॉटलैंड के मशहूर बैगपाइप कलाकार रॉस ऐंसली की अनोखी जुगलबंदी देखने को मिलेगी। समापन भारत की सांस्कृतिक विविधता और खासतौर पर गुजरात की विरासत पर आधारित शानदार प्रस्तुति के साथ होगा। इसके अलावा समारोह में इंटरनेशनल कलाकारों की भी शानदार प्रस्तुतियां होंगी। स्कॉटिश रॉक बैंड सिंपल माइंड्स अपने लोकप्रिय गीतों के साथ मंच पर उतरेंगे। इनके अलावा BEMZ, कैमी बार्न्स, सैंडी थॉम और ऑस्ट्रेलियाई गायिका डेल्टा गुड्रेम भी दर्शकों का मनोरंजन करेंगी।
कब और कहां होगा समापन समारोह?
कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 की क्लोजिंग सेरेमनी 2 अगस्त को ग्लास्गो के OVO हाइड्रो एरीना में आयोजित होगा। करीब 13 हजार दर्शकों की क्षमता वाले इस इंडोर एरिना में यह भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। क्लोजिंग सेरेमनी ग्लास्गो के स्थानीय समयानुसार रात 9:00 बजे शुरू होगा। भारतीय समयानुसार इसका प्रसारण सोमवार यानी 3 अगस्त को रात 1:30 बजे से होगा।
भारत में कहां देखें लाइव?
कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 की क्लोजिंग सेरेमनी सीधा प्रसारण सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क (Sony Sports Network) और डीडी फ्री डिश (DD Free Dish) पर किया जाएगा। वहीं इसकी लाइव स्ट्रीमिंग सोनी लिव (Sony LIV) ऐप और वेबसाइट पर उपलब्ध रहेगी।
