33.3 C
New Delhi
Tuesday, August 4, 2026
Homeराजस्थानRe-NEET Exam 2026: परीक्षा में गड़बड़ी रोकने के लिए सख्ती, पुलिस ने...

Re-NEET Exam 2026: परीक्षा में गड़बड़ी रोकने के लिए सख्ती, पुलिस ने जारी किए स्पेशल हेल्पलाइन नंबर

Rajasthan News: राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) की ओर से 21 जून को होने वाली री-नीट यूजी परीक्षा के लिए इस बार जितने कड़े सुरक्षा प्रबंध किए जा रहे हैं, उतने शायद ही किसी परीक्षा में किए गए होंगे। यह अभ्यर्थियों के साथ ही एक तरह से पुलिस-प्रशासन की भी परीक्षा होगी। इसके चलते तीनों जिलों में कड़े सुरक्षा बंदोबस्त किए गए हैं। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) राहुल प्रकाश ने बताया कि जयपुर ग्रामीण, दौसा, अलवर, कोटपूतली-बहरोड़, सीकर, झुंझुनूं और खैरथल-तिजारा समेत आठ जिलों के लिए विशेष हेल्पलाइन नंबर 8764514102 जारी किया गया है। राजस्थान पुलिस की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने भी परीक्षा माफिया और पेपर लीक गिरोहों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। एसओजी के एडीजी विशाल बंसल ने अभ्यर्थियों और आमजन से अपील की है कि परीक्षा में गड़बड़ी, पेपर लीक अथवा किसी भी प्रकार की अनियमितता की जानकारी मिलने पर तुरंत एसओजी हेल्पलाइन 9530429258 पर सूचना दें।

10 हजार अभ्यर्थी, 27 परीक्षा केन्द्र

अलवर जिले के करीब 10 हजार अभ्यर्थी इस परीक्षा में शामिल होंगे। जिले में 27 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं, जिनमें 17 केन्द्र शहर और 10 केन्द्र ग्रामीण क्षेत्र में हैं। परीक्षा दोपहर 2 बजे शुरू होकर शाम 5:15 बजे तक चलेगी। अभ्यर्थियों को 15 मिनट अतिरिक्त समय मिलेगा।

11 बजे से प्रवेश, डेढ़ बजे बंद होंगे गेट

परीक्षा केन्द्रों पर अभ्यर्थियों का प्रवेश सुबह 11 बजे से शुरू होगा। दोपहर 1:30 बजे के बाद किसी भी अभ्यर्थी को केन्द्र में प्रवेश नहीं मिलेगा। सभी केंद्रों पर दो स्तरीय जांच होगी। मुख्य द्वार पर बायोमेट्रिक सत्यापन के साथ फेस रिकग्निशन तकनीक से पहचान की जाएगी। इसके अलावा परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों की गतिविधियों पर भी निगरानी रखी जाएगी। यहां तक कि शौचालय जाने का समय भी रिकॉर्ड किया जाएगा।

एडमिट कार्ड डाउनलोड करने में दी राहत

एडमिट कार्ड डाउनलोड करने में राहत देने के लिए नई सुविधा भी शुरू की गई है। अब एडमिट कार्ड डाउनलोड करने के लिए बैंक अथवा किसी अन्य संस्थान के पास जाने की आवश्यकता नहीं होगी। पहले आधार प्रमाणीकरण से जुड़ी तकनीकी दिक्कतों के कारण कई अभ्यर्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ता था, लेकिन अब नई व्यवस्था के तहत वे आसानी से अपने एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे। अब एडमिट कार्ड को डाउनलोड करने के लिए बैंक अकाउंट डिटेल्स को रि-कंफर्म या अपडेट करना अनिवार्य नहीं होगा।

रफ वर्क के लिए अब चार पेज मिलेंगे

एनटीए ने प्रश्नपत्र पुस्तिका में रफ कार्य के लिए उपलब्ध पृष्ठों की संख्या बढ़ा दी है। पहले जहां दो पृष्ठ दिए जाते थे, वहीं अब चार पृष्ठ उपलब्ध कराए जाएंगे। इससे गणितीय गणना और तर्क आधारित प्रश्नों को हल करने में अभ्यर्थियों को सुविधा मिलेगी। परीक्षा में शामिल होने वाले सभी दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए एक ही केन्द्र निर्धारित किया गया है। उन्हें सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से केन्द्रीय विद्यालय मोती डूंगरी को विशेष केन्द्र बनाया गया है।

RELATED ARTICLES
New Delhi
overcast clouds
33.3 ° C
33.3 °
33.3 °
52 %
2.1kmh
100 %
Tue
38 °
Wed
37 °
Thu
34 °
Fri
35 °
Sat
35 °

Most Popular