30.4 C
New Delhi
Monday, October 26, 2026
Homeबिहारबिहार चुनाव से पहले नीतीश कुमार का बड़ा तोहफा, बुजुर्ग-दिव्यांग और विधवा...

बिहार चुनाव से पहले नीतीश कुमार का बड़ा तोहफा, बुजुर्ग-दिव्यांग और विधवा महिलाओं की बढाई पेंशन

Bihar Elections: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने महिलाओं को बड़ा तोहफा दिया। सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत बुजुर्ग, दिव्यांग और विधवा महिलाओं के लिए पेंशन में बढ़ोतरी की गई है।

Bihar Elections: बिहार में इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जनता को बड़ी राहत देने वाला फैसला लिया है। राज्य सरकार ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत दी जाने वाली राशि में तीन गुना से भी ज्यादा बढ़ोतरी कर दी है। अब तक 400 रुपये मासिक पेंशन पाने वाले वृद्धजनों, विधवा महिलाओं और दिव्यांगजनों को अब प्रतिमाह 1100 रुपये की पेंशन मिलेगी।

Bihar Elections: अब प्रतिमाह मिलेंगे 1100 रुपये

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने स्वयं सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर इसकी घोषणा करते हुए लिखा कि जुलाई महीने से सभी पात्र लाभार्थियों को बढ़ी हुई दर पर पेंशन दी जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यह राशि हर माह की 10 तारीख को सीधे लाभार्थियों के बैंक खाते में ट्रांसफर की जाएगी, जिससे पारदर्शिता और समय पर भुगतान सुनिश्चित हो सके।

Bihar Elections: 1 करोड़ से अधिक लोगों को मिलेगा लाभ

मुख्यमंत्री ने बताया कि इस फैसले से राज्य के 1 करोड़ 9 लाख 69 हजार 255 लाभार्थियों को सीधा फायदा होगा। यह वर्ग राज्य के सबसे कमजोर, जरूरतमंद और वंचित लोगों का प्रतिनिधित्व करता है, जिनके लिए यह अतिरिक्त आर्थिक सहायता जीवन में बड़ा बदलाव ला सकती है।

Bihar Elections: वृद्धजन समाज का अमूल्य हिस्सा हैं- नीतीश कुमार

नीतीश कुमार ने अपनी पोस्ट में लिखा, वृद्धजन समाज का अमूल्य हिस्सा हैं। उनका सम्मानजनक और सुरक्षित जीवन सुनिश्चित करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। राज्य सरकार इस दिशा में लगातार प्रयासरत है और आगे भी रहेगी। उनके इस फैसले की राजनीतिक गलियारों में भी खूब चर्चा हो रही है और सत्तापक्ष ने इसे जनकल्याण की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया है।

जदयू और एनडीए नेताओं ने किया फैसले का स्वागत

जदयू प्रवक्ता नीरज कुमार ने इस फैसले को जन-संवेदनशील और समावेशी करार देते हुए कहा कि नीतीश कुमार हमेशा समाज के सभी वर्गों के लिए काम करते रहे हैं, चाहे वे किसी भी जाति, धर्म या पृष्ठभूमि से हों। उन्होंने राजद नेता तेजस्वी यादव पर कटाक्ष करते हुए कहा, अपनी अरबों की संपत्ति बेचकर लालू-तेजस्वी पेंशन योजना शुरू कीजिए।

ऐतिहासिक और दूरदर्शी फैसला : विजय कुमार सिन्हा

वहीं, बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने इस निर्णय को ऐतिहासिक और दूरदर्शी करार दिया। उन्होंने कहा कि यह फैसला राज्य भर में व्यापक संवाद और विचार-विमर्श के बाद लिया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की गरीबों और महिलाओं के प्रति जो प्रतिबद्धता है, वो इस फैसले से साफ दिखती है।

मंत्री अशोक चौधरी ने भी की सराहना

बिहार सरकार में मंत्री अशोक चौधरी ने भी इस घोषणा की तारीफ करते हुए कहा कि “यह एक पुरानी मांग थी, जिसे अब सरकार ने पूरा कर दिया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सोच साफ है कि बुजुर्गों और गरीबों को बेहतर जीवन देना चाहिए। 1100 रुपये की यह पेंशन न केवल आर्थिक मदद है, बल्कि एक गरिमामय जीवन की ओर बढ़ाया गया कदम भी है।”

चुनाव से पहले सामाजिक सुरक्षा पर फोकस

विशेषज्ञों का मानना है कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए यह फैसला सत्तारूढ़ एनडीए के लिए चुनावी लिहाज से भी महत्वपूर्ण हो सकता है। पेंशन योजना की राशि में की गई यह बढ़ोतरी एक बड़ी संख्या में वोटरों को सीधे प्रभावित करेगी, जिनमें महिलाएं, बुजुर्ग और दिव्यांगजन प्रमुख हैं।

बिहार सरकार का यह कदम सामाजिक सुरक्षा के मोर्चे पर एक मजबूत संदेश है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की यह पहल बताती है कि राज्य सरकार बुजुर्गों और जरूरतमंदों की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए प्रतिबद्ध है। अब देखना यह होगा कि इसका आगामी विधानसभा चुनाव पर क्या असर पड़ता है, लेकिन फिलहाल यह फैसला जन-समर्थन और कल्याण की दिशा में एक सराहनीय प्रयास के रूप में सामने आया है।

यह भी पढ़ें:-

Operation Sindoor: भारत के हमले से कांप गया पाकिस्तान, सऊदी ने 25 बार किया कॉल

RELATED ARTICLES
New Delhi
clear sky
30.4 ° C
30.4 °
30.4 °
30 %
3.4kmh
0 %
Mon
31 °
Tue
31 °
Wed
32 °
Thu
31 °
Fri
31 °

Most Popular