31.3 C
New Delhi
Sunday, October 25, 2026
Homeराजस्थाननदी में नहाने गए 11 युवक डूबे, सात की मौत: CM भजनलाल...

नदी में नहाने गए 11 युवक डूबे, सात की मौत: CM भजनलाल और ओम बिरला ने जताया दुख

Tonk Banas River Accident: राजस्थान के टोंक में मंगलवार को एक बड़ा हादसा सामने आया है, जहां बनास नदी में नहाने गए सात लोगों की मौत हो गई है।

Banas River Accident: राजस्थान के टोंक जिले में मंगलवार को एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया, जिसमें बनास नदी में नहाने गए 11 युवकों में से सात की डूबने से मौत हो गई, जबकि तीन अन्य युवकों की तलाश जारी है। यह दुखद घटना टोंक के पुराने पुल के पास हुई, जहां ये युवक नहाने के दौरान नदी की गहराई में चले गए और अचानक डूब गए। इस हादसे ने पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ा दी है, और स्थानीय प्रशासन राहत व बचाव कार्य में जुटा हुआ है।

Banas River Accident: जयपुर के रहने वाले थे सभी 11 युवक

जानकारी के अनुसार, सभी 11 युवक जयपुर के रहने वाले थे और मंगलवार को बनास नदी में नहाने गए थे। नहाते समय वे अनजाने में नदी के गहरे हिस्से में चले गए, जिसके कारण यह हादसा हुआ। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तुरंत स्थानीय गोताखोरों और लोगों की मदद से बचाव कार्य शुरू किया। आठ युवकों को नदी से बाहर निकाला गया और उन्हें तुरंत टोंक के सआदत अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल प्रबंधन ने पुष्टि की कि सात युवकों की मौत हो चुकी है, जबकि एक अन्य युवक का इलाज चल रहा है। बाकी तीन युवकों का अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है, और उनकी तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।

Banas River Accident: घटनास्थल पर भारी भीड़ जमा

घटनास्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई, और सआदत अस्पताल में भी मृतकों के परिजनों और शुभचिंतकों की भीड़ उमड़ पड़ी। पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ब्रिजेंद्र सिंह भाटी मौके पर मौजूद रहे और राहत कार्यों की निगरानी की। जिला प्रशासन ने भी त्वरित कार्रवाई करते हुए बचाव कार्यों को तेज कर दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बनास नदी का यह हिस्सा गहरा और खतरनाक है, और पहले भी यहां इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं।

Banas River Accident: सीएम शर्मा ने दिए त्वरित रेस्क्यू और राहत कार्य के निर्देश

इस दुखद घटना पर राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, ‘टोंक जिले में स्थित बनास नदी में युवकों की डूबने से हुई मृत्यु का समाचार अत्यंत दुःखद और पीड़ादायक है। घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन के अधिकारियों को त्वरित रूप से रेस्क्यू एवं राहत कार्य संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को शांति तथा शोकाकुल परिजनों को यह अपार दुःख सहने की शक्ति दें।’

स्पीकर ओम बिरला और विधानसभा अध्यक्ष ने भी जताया दुख

लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने भी इस हादसे पर दुख जताया। उन्होंने कहा, ‘युवकों की मौत की खबर सुनकर व्यथित हूं। इस अत्यंत पीड़ादायी दुर्घटना के चलते असमय काल का ग्रास बने युवाओं के परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं।’ इसके अलावा, राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने भी शोक व्यक्त करते हुए कहा, ‘बनास नदी में डूबने से युवकों की मौत काफी पीड़ादायक है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को शांति और शोकाकुल परिजनों को यह अपार दुःख सहने की शक्ति दें।

यह हादसा अत्यंत दुख है: डिप्टी सीएम दीया कुमारी

राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने भी इस घटना को हृदयविदारक बताते हुए शोक जताया। उन्होंने कहा कि यह हादसा अत्यंत दुखद है और मृतकों के परिजनों के प्रति उनकी गहरी संवेदनाएं हैं।

प्रशासन ने की लोगों से यह अपील

यह हादसा न केवल टोंक बल्कि पूरे राजस्थान के लिए एक बड़ी त्रासदी है। स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे नदी के गहरे और खतरनाक हिस्सों में नहाने से बचें। साथ ही, इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए नदी किनारे सुरक्षा उपायों को और सख्त करने की मांग भी उठ रही है।

यह भी पढ़ें:-

राजा रघुवंशी हत्याकांड: ढाबा मालिक की आंखों देखी, फफक-फफक कर क्यों रोई सोनम?

RELATED ARTICLES
New Delhi
clear sky
31.3 ° C
31.3 °
31.3 °
35 %
2.4kmh
0 %
Sun
30 °
Mon
32 °
Tue
33 °
Wed
33 °
Thu
32 °

Most Popular