34 C
New Delhi
Monday, September 7, 2026
HomeदेशWeather Alert: आंधी-तूफान और बारिश का कहर, यूपी-बिहार में 47 की मौत,...

Weather Alert: आंधी-तूफान और बारिश का कहर, यूपी-बिहार में 47 की मौत, कई राज्यों में अलर्ट जारी

Weather Alert: देश के कई राज्यों गुरुवार को अचानक मौसमी कहर देखने को मिली। यूपी और बिहार में आंधी-तूफान, बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं ने तबाही मचाई।

Weather Alert: देश के कई राज्यों में बदले मौसम ने जनजीवन पर भारी असर डाला है। उत्तर प्रदेश और बिहार में 10 अप्रैल को आंधी-तूफान, बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं ने तबाही मचाई। बिहार में मौसम की मार से 25 लोगों की मौत हो गई, जबकि उत्तर प्रदेश में 22 लोगों की जान चली गई। इन घटनाओं को देखते हुए दोनों राज्य सरकारों ने मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की राहत राशि देने के निर्देश दिए हैं।

Weather Alert: बिहार में सबसे ज्यादा तबाही

बिहार में सबसे अधिक नुकसान नालंदा जिले में हुआ है, जहां 22 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। इसके अलावा आरा में छह लोगों की जान गई है। बाकी जिलों में भी इक्का-दुक्का मौतों की खबरें आई हैं। अधिकतर मौतें पेड़ या दीवार गिरने, और वज्रपात की वजह से हुई हैं। खराब मौसम के कारण कई घरों की छतें उड़ गईं, बिजली आपूर्ति बाधित हो गई और यातायात भी प्रभावित हुआ।

Weather Alert: यूपी में 22 लोगों की मौत, 55 जिलों में अलर्ट

उत्तर प्रदेश में भी हालात चिंताजनक बने हुए हैं। गुरुवार को आए तूफान और आकाशीय बिजली की घटनाओं ने जान-माल का भारी नुकसान किया। राज्य के 55 से अधिक जिलों में आज (शुक्रवार) भी तेज आंधी, बारिश और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि कुछ स्थानों पर 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। शनिवार को भी मौसम इसी तरह बने रहने का अनुमान है, जबकि सोमवार से मौसम के शुष्क होने की उम्मीद है।

झारखंड, उत्तराखंड, दिल्ली और अन्य राज्यों में भी असर

झारखंड के कोडरमा में मौसम विभाग के अनुमान से पहले ही बारिश शुरू हो गई, जिससे किसानों की चिंताएं बढ़ गई हैं। खेतों में तैयार फसलें बारिश की वजह से खराब होने लगी हैं। वहीं, उत्तराखंड के चमोली में भी भारी बारिश दर्ज की गई है। नंद प्रयाग क्षेत्र में अतिवृष्टि के कारण नाले उफान पर हैं, जिससे स्थानीय लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दिल्ली और राजस्थान के कुछ हिस्सों में भी धूल भरी आंधी और गरज-चमक के साथ मौसम में बदलाव देखा गया है। हालांकि, राजस्थान, सौराष्ट्र, कच्छ और मध्य प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में हीट वेव की स्थिति बनी हुई है।

Weather Alert: आज किन राज्यों में रहेगा अलर्ट?

मौसम एजेंसी स्काईमेट के अनुसार, बिहार, पश्चिम बंगाल, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, अंडमान-निकोबार, केरल और तटीय कर्नाटक में आज हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना है। आंतरिक कर्नाटक, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, झारखंड, ओडिशा, आंध्र प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी हल्की बारिश हो सकती है। पश्चिमी हिमालय के ऊपरी इलाकों में बर्फबारी के आसार हैं।

तेजस्वी यादव ने सरकार से की किसानों को मुआवजा देने की मांग

बिहार में मौसम के इस कहर पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने गहरी संवेदना जताई है। उन्होंने एक्स (X) पर पोस्ट कर कहा, बिहार में आंधी, तूफान, बारिश, वज्रपात, वृक्ष व दीवार गिरने की घटनाओं में हुई 50 से अधिक दुखद मौतों से मर्माहत हूं। सरकार से मांग है कि सभी पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा दिया जाए। तेजस्वी यादव ने यह भी कहा कि अचानक हुई बारिश से किसानों की तैयार फसलें खेतों और खलिहानों में बर्बाद हो गई हैं। उन्होंने सरकार से अनुरोध किया कि वह किसानों को तत्काल आर्थिक सहायता प्रदान करे और उनके नुकसान की भरपाई सुनिश्चित करे।

सरकार की चुनौती

इस प्राकृतिक आपदा से निपटना सरकार के लिए एक बड़ी चुनौती बन गया है। जहां एक ओर मृतकों के परिजनों को सहायता पहुंचाना जरूरी है, वहीं दूसरी ओर किसानों को फसल नुकसान की भरपाई देना भी उतना ही आवश्यक हो गया है। मौसम विभाग द्वारा अगले 24 से 48 घंटे के लिए जारी अलर्ट को देखते हुए प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं।

यह भी पढ़ें:-

Tahawwur Rana: NIA को मिली आतंकी तहव्वुर राणा की 18 दिन की रिमांड, खोलेगा 26/11 के राज

RELATED ARTICLES
New Delhi
few clouds
34 ° C
34.1 °
34 °
59 %
3.6kmh
15 %
Mon
35 °
Tue
40 °
Wed
40 °
Thu
39 °
Fri
38 °

Most Popular