Union Budget 2026 : बजट 2026 में आम आदमी की जेब पर सीधा असर डालने वाली बड़ी घोषणाएं सामने आई हैं. सरकार ने जूते, बैटरी और माइक्रोवेव ओवन जैसे रोज़मर्रा के इस्तेमाल होने वाले सामान को सस्ता कर दिया है, जबकि कई चीज़ों पर बढ़े हुए टैक्स की वजह से उनकी कीमतें अब जेब ढीली कर सकती हैं.
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट में आम लोगों को राहत देने के लिए सीएनजी और बायोगैस को सस्ता करने की घोषणा की है. इससे सीएनजी वाहनों का उपयोग करने वाले लाखों वाहन मालिकों के लिए ईंधन खर्च में सीधी बचत होगी और पब्लिक ट्रांसपोर्ट ऑपरेटरों को भी राहत मिलेगी.
क्या-क्या हुआ सस्ता, और किन चीज़ों पर बढ़ेगी आपकी खर्च. देखिए पूरी लिस्ट यहां.
कैंसर से जुड़ी 17 दवा सस्ता
स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए भी यह बजट काफी महत्वपूर्ण रहा. सरकार ने कैंसर से जुड़ी दवाओं को सस्ता करने का फैसला लिया है. इसके अलावा 7 दुर्लभ बीमारियों की दवाएं भी अब कम कीमत पर उपलब्ध होंगी. गंभीर और दुर्लभ बीमारियों का इलाज महंगा होने की वजह से ये कदम मरीजों और उनके परिवारों को बड़ी राहत देने वाले हैं.
दवाओं और मेडिकल डिवाइस पर लगने वाली कस्टम ड्यूटी में कटौती का भी ऐलान किया गया है. इससे अस्पतालों में इलाज की लागत और कई महत्वपूर्ण मेडिकल उपकरणों की कीमतों में कमी आएगी. दवाओं के आयात पर ड्यूटी में छूट देने से उनके बाजार मूल्य पर भी सकारात्मक असर पड़ेगा.
साधारण उपभोक्ताओं के लिए भी एक बड़ी राहत दी गई है. निजी उपयोग के लिए आयात होने वाले सामान पर ड्यूटी 20% से घटाकर 10% कर दी गई है. साथ ही माइक्रोवेव ओवन के कुछ पार्ट्स पर टैक्स में छूट दी गई है, जिससे घरेलू उपकरणों की कीमतें कम हो सकती हैं.
