20.1 C
New Delhi
Sunday, October 25, 2026
HomeदेशPlane Crash: अमेरिका में बड़ा विमान हादसा- पानी पर लैंडिंग की कोशिश...

Plane Crash: अमेरिका में बड़ा विमान हादसा- पानी पर लैंडिंग की कोशिश में चट्टान से टकराया प्लेन, यात्रियों में मची अफरा-तफरी

Plane Crash: अमेरिका के वॉशिंगटन राज्य में कनाडा सीमा के पास स्थित एक दूरदराज़ द्वीप के पास गुरुवार शाम एक सीप्लेन यानी पानी पर उतरने वाला विमान दुर्घटनाग्रस्त होकर चट्टानों से टकरा गया। हादसे के बाद विमान में आग लग गई, लेकिन आसपास मौजूद नावों और अमेरिकी तटरक्षक बल की तेज कार्रवाई की बदौलत विमान में सवार सभी 11 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। सैन जुआन काउंटी शेरिफ ऑफिस के मुताबिक, हादसे में एक व्यक्ति की हालत गंभीर बनी हुई है। कई यात्रियों के सिर में चोट लगी है और हड्डियां भी टूटी हैं। हालांकि शुक्रवार तक कम से कम 5 यात्रियों को अस्पताल से छुट्टी भी दे दी गई थी।

आखिर कैसे हुआ यह विमान हादसा?

यह दुर्घटना गुरुवार शाम करीब 5:20 बजे हुई। विमान में एक पायलट और 10 यात्री सवार थे। सीप्लेन वॉशिंगटन के निर्जन सूसिया आइलैंड स्टेट पार्क के पास दुर्घटनाग्रस्त हुआ। यह द्वीप सैन जुआन द्वीप समूह के उत्तरी हिस्से में स्थित है, जो गर्मियों में फेरी सर्विस, व्हेल देखने और ट्रैकिंग के लिए लोकप्रिय पर्यटन स्थल माना जाता है। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में देखा जा सकता है कि विमान पानी के ऊपर बहुत नीचे उड़ रहा था। अचानक वह एक ओर झुक गया और पहले केवल एक फ्लोट के सहारे पानी को छुआ। इसके बाद विमान थोड़ी देर के लिए फिर हवा में उछला, लेकिन नियंत्रण खोने के बाद जमीन से टकरा गया।

हादसे के तुरंत बाद रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू

प्रत्यक्षदर्शी डेव ईस्टमैन उस समय अपनी छोटी नाव में समुद्र में मौजूद थे। उन्होंने बताया कि शुरुआत में उन्हें लगा कि विमान उनकी नाव से टकरा जाएगा, लेकिन बाद में वह द्वीप की ओर नीचे उड़ता दिखाई दिया। इलाके में 6 से 7 नावें मौजूद थीं, जिनमें एल्यूमिनियम फिशिंग बोट भी शामिल थीं। सभी लोग तुरंत मदद के लिए मौके की ओर दौड़ पड़े। वीडियो में देखा जा सकता है कि विमान के अंदर से यात्री बाहर निकल रहे हैं, जबकि विमान से काला धुआं उठ रहा है और उसका ढांचा आग की लपटों में घिरा हुआ है। विमान का अगला हिस्सा एक बड़ी चट्टान से टकराकर आंशिक रूप से पानी में डूब गया था।

‘यह हादसा झकझोर देने वाला था’

डेव ईस्टमैन ने सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाले जाने के बाद जलते हुए विमान की तस्वीरें भी लीं। उन्होंने कहा, ‘यह हादसा हम सभी के लिए झकझोर देने वाला था। लेकिन यह जानकर राहत मिली कि सभी लोग जीवित हैं।’ ईस्टमैन ने बताया कि दिन की शुरुआत में मौसम साफ था, लेकिन हादसे के समय इलाके में बिजली कड़कने के साथ तूफान आया। विमान में आग लगने के दौरान तेज बारिश भी शुरू हो गई। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि खराब मौसम दुर्घटना की वजह बना या नहीं।

2022 में भी ऐसा ही प्लेन हुआ था क्रैश

विमान संचालक कंपनी ने बताया कि यह DHC-3 Otter मॉडल का सीप्लेन था, जिसे डी हैविलैंड एयरक्राफ्ट ऑफ कनाडा ने बनाया है। इसी मॉडल का एक अन्य सीप्लेन 2022 में सिएटल के पास प्यूजेट साउंड में दुर्घटनाग्रस्त हुआ था, जिसमें 10 लोगों की मौत हो गई थी। उस हादसे के बाद जांच में विमान के फ्लाइट कंट्रोल सिस्टम के एक महत्वपूर्ण पुर्जे में खराबी पाई गई थी। इसके बाद संघीय नियामकों ने सभी ऐसे सीप्लेन की जांच के आदेश दिए थे। हालांकि इस बार दुर्घटनाग्रस्त हुआ विमान केनमोर एयर का था, जो सिएटल के पास स्थित एक पर्यटन एयरलाइन है। यह 2022 की दुर्घटना में शामिल कंपनी से अलग है।

दुर्घटना के कारणों की होगी जांच

केनमोर एयर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डेविड गुडजेल ने कहा कि जांच पूरी होने से पहले दुर्घटना के कारणों पर कोई अनुमान लगाना सही नहीं होगा। उन्होंने कहा, ‘हमें खुशी है कि विमान में सवार सभी लोगों का पता चल गया है और सभी सुरक्षित हैं।’कंपनी ने शुक्रवार की सभी निर्धारित उड़ानें रद्द कर दीं और कहा कि वह जांच एजेंसियों के साथ पूरा सहयोग करेगी। अमेरिका की फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। वहीं नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB) भी अपनी जांच टीम मौके पर भेज रहा है। अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल सभी तथ्यों को जुटाया जा रहा है, इसलिए अभी मीडिया ब्रीफिंग नहीं की जाएगी।

RELATED ARTICLES
New Delhi
scattered clouds
20.1 ° C
20.1 °
20.1 °
68 %
2.3kmh
27 %
Sun
31 °
Mon
32 °
Tue
33 °
Wed
33 °
Thu
30 °

Most Popular