रायपुर: छत्तीसगढ़ सरकार ने खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में किसानों को धान बेचने के दौरान होने वाली परेशानियों से राहत देने के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाया है। इसके तहत खसरा मैपिंग और फसल से संबंधित विसंगतियों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाएगा। शासन ने सभी जिलों को इन समस्याओं के निराकरण की जानकारी 30 नवंबर तक अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
इस संबंध में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग और राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने संयुक्त रूप से प्रदेश के सभी कलेक्टरों को निर्देश जारी किए हैं।
15 जनवरी तक पूरी करनी होगी खसरा मैपिंग
निर्देश के अनुसार, ऐसे किसान जिनके खसरे फार्मर रजिस्ट्री में दर्ज हैं, लेकिन खसरा मंडल में दिखाई नहीं दे रहे हैं, उनकी मैपिंग कराई जाएगी। इसके लिए संबंधित सहकारी समितियों की आईडी में एग्रीस्टेक के माध्यम से धान खरीदी के लिए भूमि विवरण सिंक करने का विकल्प उपलब्ध कराया गया है।
कलेक्टरों को सहकारी समितियों के जरिए ऐसे सभी मामलों का निराकरण सुनिश्चित करने को कहा गया है। खसरा मैपिंग की अंतिम समय-सीमा 15 जनवरी निर्धारित की गई है।
खेतों में जाकर किया जाएगा फसल का सत्यापन
डिजिटल फसल सर्वेक्षण (DCS) में जिन खसरों में धान के बजाय दूसरी फसल दर्ज है, लेकिन किसान वास्तविक रूप से धान की खेती करने का दावा कर रहे हैं, ऐसे मामलों में मौके पर जाकर भौतिक सत्यापन कराया जाएगा।
इसके अलावा जिन खसरों का सर्वेक्षण और सत्यापन डीसीएस या पीवी ऐप में फसल प्रविष्टि का विकल्प उपलब्ध नहीं होने के कारण नहीं हो पाया है, उनका भी संबंधित तहसीलदार के माध्यम से भौतिक सत्यापन कराया जाएगा।
सरकार की इस पहल का उद्देश्य पात्र किसानों के भूमि और फसल संबंधी रिकॉर्ड में मौजूद त्रुटियों को दूर करना है, ताकि उन्हें समर्थन मूल्य पर धान बेचने में किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
