रायपुर। छत्तीसगढ़ में नर्सिंग पाठ्यक्रमों में प्रवेश का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण सूचना है। प्रदेश में रिक्त सीटों को भरने के लिए दूसरे और तीसरे चरण (मॉप-अप राउंड) की काउंसिलिंग संयुक्त रूप से आयोजित की जाएगी। राज्य काउंसिलिंग समिति, संचालनालय चिकित्सा शिक्षा के अनुसार, इसके लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 20 नवंबर 2026 को सुबह 11 बजे से शुरू होगी। अभ्यर्थी 22 नवंबर को दोपहर 2 बजे तक आवेदन कर सकेंगे।
इस संयुक्त काउंसिलिंग में बीएससी नर्सिंग, एमएससी नर्सिंग, पोस्ट बेसिक बीएससी नर्सिंग और पोस्ट बेसिक डिप्लोमा इन साइकियाट्रिक नर्सिंग पाठ्यक्रमों की खाली सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा।
नए अभ्यर्थी भी कर सकेंगे पंजीयन
काउंसिलिंग के इस चरण में नए अभ्यर्थियों को ऑनलाइन पंजीयन का अवसर मिलेगा। वहीं, पहले से पंजीकृत पात्र उम्मीदवार भी अपनी पसंद के संस्थान और पाठ्यक्रम का दोबारा चयन कर सकेंगे। समिति ने स्पष्ट किया है कि संयुक्त काउंसिलिंग में शामिल होने वाले सभी पात्र अभ्यर्थियों के लिए नए सिरे से विकल्प भरना और उन्हें लॉक करना अनिवार्य होगा।
पहले चरण में प्रवेश ले चुके पात्र अभ्यर्थियों को नियमानुसार सीट अपग्रेड करने का विकल्प भी दिया जाएगा।
बीएससी नर्सिंग में 10 पर्सेंटाइल तक वाले भी कर सकेंगे आवेदन
इस काउंसिलिंग की एक महत्वपूर्ण बात यह है कि बीएससी नर्सिंग प्रवेश परीक्षा में 10 पर्सेंटाइल तक अंक हासिल करने वाले अभ्यर्थी भी पंजीयन कर सकेंगे। ऐसे उम्मीदवारों को संस्था चयन का अवसर भी मिलेगा। हालांकि, यह छूट केवल बीएससी नर्सिंग पाठ्यक्रम के लिए लागू होगी।
रिक्त सीटों के संवर्ग और श्रेणी में होगा बदलाव
संयुक्त काउंसिलिंग के दौरान बची हुई सीटों के संवर्ग, श्रेणी और नियतांश में बदलाव छत्तीसगढ़ नर्सिंग पाठ्यक्रम प्रवेश नियम, 2026 के नियम 10 और 11 के प्रावधानों के अनुसार किया जाएगा।
समिति ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि आवेदन, विकल्प चयन, सीट आवंटन और प्रवेश से जुड़ी आगे की जानकारी के लिए संचालनालय चिकित्सा शिक्षा की आधिकारिक वेबसाइट www.cgdme.in नियमित रूप से चेक करते रहें।
