भोपाल : मध्य प्रदेश के छतरपुर स्थित प्रसिद्ध बागेश्वर धाम में दिव्य दरबार के दौरान पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर महत्वपूर्ण अपील की। उन्होंने खासतौर पर धाम आने वाली माताओं और बहनों से सतर्क रहने और अकेले यात्रा नहीं करने की सलाह दी। इस दौरान उन्होंने वृंदावन में हाल ही में हुई एक घटना का जिक्र करते हुए मौजूदा परिस्थितियों में सावधानी बरतने पर जोर दिया।
धाम आने वाले श्रद्धालुओं से क्या बोले धीरेंद्र शास्त्री?
धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने बागेश्वर धाम आने वाले श्रद्धालुओं से अपनी सुरक्षा को लेकर सजग रहने की अपील की। उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं से कहा कि वे अकेले धाम न आएं। अगर किसी कारण अकेले यात्रा करनी पड़े तो अतिरिक्त सावधानी बरतें।
उन्होंने श्रद्धालुओं को अनजान लोगों से दूरी बनाए रखने की सलाह भी दी। धाम या यात्रा के दौरान किसी अपरिचित व्यक्ति पर आंख मूंदकर भरोसा न करें और उसके साथ कहीं जाने से बचें।
इसके अलावा धाम में लंबे समय तक रुकने से भी परहेज करने की अपील की गई है। उन्होंने कहा कि श्रद्धालु अपनी यात्रा और ठहरने की व्यवस्था को लेकर पहले से सतर्क रहें।
पूरे क्षेत्र में सुरक्षा संभव नहीं- धीरेंद्र शास्त्री
धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि मंदिर परिसर और मुख्य हॉल में सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी धाम प्रबंधन की है। हालांकि, बागेश्वर धाम के आसपास करीब 5 किलोमीटर क्षेत्र में हर स्थान पर सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराना संभव नहीं है।
ऐसे में श्रद्धालुओं को भी अपनी सुरक्षा के प्रति जागरूक और सतर्क रहना जरूरी है। उन्होंने भक्तों से अपील की कि वे किसी भी संदिग्ध परिस्थिति में सावधानी बरतें और अनजान लोगों के साथ जाने से बचें।
श्रद्धालुओं को सतर्क रहने की अपील
धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए सभी को समझदारी और सावधानी से काम लेना चाहिए। उन्होंने श्रद्धालुओं से खुद सतर्क रहने के साथ-साथ अपने आसपास के लोगों को भी सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की अपील की।
