23.1 C
New Delhi
Saturday, October 24, 2026
HomeBlogदेशभर में गांजा तस्करी के नेटवर्क पर DRI की कार्रवाई, रायपुर में...

देशभर में गांजा तस्करी के नेटवर्क पर DRI की कार्रवाई, रायपुर में भारी मात्रा में गांजा बरामद

नई दिल्ली: नशे के खिलाफ DRI ने देशभर में विशेष अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की है। छत्तीसगढ़, बिहार, पंजाब, तेलगांना समेत कर्नाटका में चलाए गए ऑपरेशन में कुल 709.6 किलोग्राम गांजा, 24.5 किलोग्राम हाई-ग्रेड हाइड्रोपोनिक गांजा और 5 किलोग्राम चरस जब्त किया गया है। इस ऑपरेशन में NDPS अधिनियम, 1985 के तहत 13 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं DRI का 01 अधिकारी घायल हुआ है।

रायपुर में करीब 500 किलो गांजा जब्त

रायपुर में DRI ने 8 सितंबर 2026 को बड़ी कार्रवाई की। अधिकारियों ने पुराने धमतरी रोड के पास विशाखापट्टनम से आ रहे दो ट्रकों को रोककर तलाशी ली। ट्रकों के लोडिंग क्षेत्र में रखी 10 बोरियों के भीतर छिपाए गए 61 पैकेट मिले। जांच में इनमें गांजा होने की पुष्टि हुई। दोनों ट्रकों से कुल 375.95 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इससे पहले 26 अगस्त 2026 को भी DRI ने रायपुर के पास एक ट्रक को रोककर उसमें छिपाया गया करीब 124 किलोग्राम गांजा बरामद किया था। इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया था।

पटना में DRI टीम पर हमला, 140.5 किलो गांजा बरामद

बिहार के पटना में 5-6 सितंबर को खुफिया सूचना के आधार पर DRI अधिकारियों ने पीछा कर औरंगाबाद-पटना हाईवे पर एक ट्रक को रोका। कार्रवाई के दौरान अधिकारियों पर हमला किया गया, जिसमें एक अधिकारी घायल हो गया। हालांकि ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। ट्रक की तलाशी में ड्राइवर के केबिन के पीछे एक गुप्त केबिन मिला। इसमें छिपाकर रखे 90 पैकेटों में 140.5 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। ट्रक समेत गांजा जब्त कर लिया गया है।

लुधियाना में कार की फ्लोर कैविटी से 69 किलो गांजा जब्त

पंजाब के लुधियाना में 1-2 सितंबर को DRI ने एक संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली। कार के फर्श में विशेष रूप से बनाई गई कैविटी में 67 पैकेटों में 69 किलोग्राम गांजा छिपाकर रखा गया था। वाहन और मादक पदार्थ जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर 5 किलो चरस बरामद

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर 3 सितंबर को अमरनाथ एक्सप्रेस के जनरल डिब्बे में यात्रा कर रहे तीन लोगों को पकड़ा गया। तलाशी के दौरान करीब 5 किलोग्राम चरस (हशीश) बरामद हुई। DRI के मुताबिक, दो यात्रियों ने चरस को जांघों पर घुटने के कवर की तरह बांधकर और साड़ियों के भीतर छिपाकर रखा था। जांच में सामने आया कि चरस को नेपाल से तस्करी कर भारत लाया गया था। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

विदेश से हाइड्रोपोनिक गांजा लाने वाले तीन यात्री गिरफ्तार

हैदराबाद और बेंगलुरु एयरपोर्ट पर भी DRI ने पिछले 15 दिनों में तीन अलग-अलग अभियानों में कार्रवाई की। हनोई (वियतनाम) और बैंकॉक (थाईलैंड) से पहुंचे तीन यात्रियों के पास से कुल 24.6 किलोग्राम उच्च गुणवत्ता वाला हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद किया गया। तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया। DRI ने कहा कि इन अभियानों से सड़क, रेल और हवाई मार्गों के जरिए होने वाली मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए उसकी खुफिया आधारित कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

RELATED ARTICLES
New Delhi
scattered clouds
23.1 ° C
23.1 °
23.1 °
54 %
3.3kmh
41 %
Sat
24 °
Sun
31 °
Mon
34 °
Tue
33 °
Wed
33 °

Most Popular