23.9 C
New Delhi
Thursday, October 15, 2026
Homeखेलकप्तानी से हटने के बाद छलका सूर्यकुमार यादव का दर्द, बोले- डेढ़...

कप्तानी से हटने के बाद छलका सूर्यकुमार यादव का दर्द, बोले- डेढ़ महीने तक सोचता रहा, ऐसा कैसे हो सकता है?

भारत को टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब दिलाने वाले कप्तान सूर्यकुमार यादव को टूर्नामेंट के तुरंत बाद टीम से बाहर कर दिया गया। उस वक्त सेलेक्टर्स का ये फैसला सूर्या के लिए किसी झटके से कम नहीं था। सूर्यकुमार यादव ने जुलाई 2024 में टीम इंडिया की टी20 कप्तानी संभाली थी। उसके बाद से उनकी कप्तानी में भारतीय टीम एक भी टी20 सीरीज नहीं हारी थी और टीम ने एशिया कप के साथ-साथ टी20 वर्ल्ड कप का खिताब भी जीता था। लेकिन इसके बावजूद सेलेक्टर्स ने इंग्लैंड और आयरलैंड के दौरे के लिए सूर्यकुमार की जगह श्रेयस अय्यर को टीम का नया कप्तान नियुक्त किया।

टीम से ड्रॉप होने के बाद क्या था सूर्या का पहला रिएक्शन

सूर्यकुमार यादव ने टीम से ड्रॉप किए जाने के बाद पहली बार चुप्पी तोड़ी है। उन्होंने बताया है कि जब उन्हें टीम से बाहर किया गया, तो शुरुआत में तो उन्होंने इस बात को मानने की कोशिश की। लेकिन धीरे-धीरे उनके मन में एक ही सवाल घूमने लगा कि आखिर उनके साथ ऐसा कैसे हो सकता है और यह बात मुमकिन कैसे है? सूर्यकुमार ने पूर्व भारतीय बल्लेबाज आकाश चोपड़ा के साथ बातचीत में कहा कि जब टीम की घोषणा हुई और उनका नाम उसमें नहीं था, तो उनकी पहली प्रतिक्रिया मुस्कुराने की थी। उन्होंने कहा कि दबाव या मुश्किल हालात में भी वह मुस्कुराकर खुद को शांत रखने की कोशिश करते हैं।

मैं थोड़ा निराश था- सूर्यकुमार यादव

सूर्यकुमार ने कहा कि मैं थोड़ा निराश था। क्योंकि आप दो साल में एक भी सीरीज नहीं हारे। आपने वर्ल्ड कप और एशिया कप जीता। फिर आप चाहते हैं कि वही चीज आगे भी जारी रहे। जब सब कुछ अच्छा चल रहा था तो बदलाव क्यों? बदलाव की वजह क्या थी? यही मेरे दिमाग में चलता रहता था। उन्होंने बताया कि टीम से बाहर किए जाने के बाद वह करीब डेढ़ महीने तक घर पर रहे और इसी सवाल पर सोचते रहे। बता दें कि सूर्यकुमार यादव अभी भी टीम में वापसी के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं।

पूर्व भारतीय कप्तान ने आगे कहा कि मैं सोच रहा था- यह कैसे हो सकता है? यह संभव कैसे है? हमने अभी वर्ल्ड कप जीता है। हां, आईपीएल उतना अच्छा नहीं गया जितना मैं चाहता था। लेकिन हम घर पर बैठे थे। दोस्त आए, परिवार आया। सबने कहा कि कोई बात नहीं, जिंदगी का हिस्सा है. लेकिन जब सब घर से चले जाते हैं, तब आप घर पर अकेले रह जाते हैं। यही वह दौर था जब विश्व कप विजेता कप्तान को पहली बार अपने भविष्य को लेकर नए सिरे से सोचना पड़ा।

दो-तीन दिन पहले सेलेक्टर्स ने किया था फोन

सूर्यकुमार ने यह भी बताया कि टीम की घोषणा से करीब दो-तीन दिन पहले सेलेक्शन कमिटी ने उनसे संपर्क किया था। उन्हें पहले ही बता दिया गया था कि इंग्लैंड सीरीज के लिए चुनी जाने वाली टीम में उनका नाम नहीं होगा। सूर्या ने कहा कि उन्होंने मुझे दो-तीन दिन पहले फोन किया था। उन्होंने कहा कि अब आगे बढ़ने का समय है। मैंने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। क्योंकि यह मेरा फैसला नहीं था। जिसने भी यह फैसला लिया, उसने टीम के लिए इसे बेहतर समझकर लिया होगा। आपने फैसला लिया और मुझे बता दिया, इसमें कोई समस्या नहीं है।

RELATED ARTICLES
New Delhi
clear sky
23.9 ° C
23.9 °
23.9 °
75 %
2.9kmh
2 %
Thu
33 °
Fri
28 °
Sat
34 °
Sun
35 °
Mon
34 °

Most Popular