34.6 C
New Delhi
Tuesday, June 16, 2026
HomeमौसमWeather News: आग उगलता मौसम… 45°C तक चढ़ेगा पारा, UP-दिल्ली समेत कई...

Weather News: आग उगलता मौसम… 45°C तक चढ़ेगा पारा, UP-दिल्ली समेत कई राज्यों में लू का अलर्ट

Weather News: मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने गुरुवार, 23 अप्रैल के लिए देश के अधिकांश हिस्सों में भीषण गर्मी और लू की चेतावनी जारी की है. राजधानी दिल्ली और एनसीआर में आसमान साफ रहने और तेज धूप खिली रहने का अनुमान है. IMD के मुताबिक, दिल्ली में अधिकतम तापमान 41 से 43 डिग्री सेल्सियस के बीच और न्यूनतम तापमान करीब 27 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. भीषण गर्मी को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है.

दिल्ली में बढ़ेगी उमस

मौसम विभाग का कहना है कि दिल्ली में दिन के समय 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज सतही हवाएं चल सकती हैं , लेकिन इससे गर्मी से खास राहत नहीं मिलेगी. अगले दो दिन तक मौसम के इसी तरह बने रहने की संभावना है और शुक्रवार तक येलो अलर्ट प्रभावी रहेगा. दिल्ली के साथ-साथ हरियाणा, चंडीगढ़, ओडिशा और कोंकण-गोवा के कई इलाकों में रातें भी गर्म रहने की चेतावनी दी गई है, जिससे लोगों को उमस और बेचैनी का सामना करना पड़ सकता है.

बंगाल में चलेगी लू

IMD के अनुसार अगले 4 से 5 दिनों तक उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत के मैदानी इलाकों में उष्ण लहर का दौर जारी रह सकता है. चुनावी राज्य पश्चिम बंगाल के कुछ जिलों में 23 से 25 अप्रैल तक लू की स्थिति बनी रहने का अनुमान है. दक्षिण बंगाल के कई जिलों में गर्म और उमस भरा मौसम रहेगा, जबकि उत्तर बंगाल के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है.

UP में 45 तक पारा पहुंचने का अनुमान

उत्तर प्रदेश में भी हालात गंभीर बने हुए हैं. IMD के मुताबिक गुरुवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा और कई जिलों में लू चल सकती है. लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी, झांसी, आगरा, अलीगढ़ और मेरठ मंडलों में अधिकतम तापमान 40 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है. बुंदेलखंड और पूर्वांचल के बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, फतेहपुर, प्रतापगढ़, जौनपुर, आजमगढ़, मऊ और बलिया जैसे जिलों में तापमान 44-45 डिग्री तक पहुंच सकता है, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित होने के आसार हैं.

पटना में 45 पार जाएगा तापमान

बिहार, राजस्थान और मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में भी लू को लेकर चेतावनी जारी की गई है. पटना में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है. राजस्थान में कई स्थानों पर पारा 43 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया है, जबकि हरियाणा और पंजाब में भी तापमान सामान्य से काफी अधिक बना हुआ है.

हालांकि, पहाड़ी इलाकों के लिए राहत की खबर है. IMD के अनुसार गुरुवार को एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिससे जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है. वहीं पूर्वोत्तर राज्यों- अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं और हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं, जिससे मौसम सुहावना रह सकता है. मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि वे अत्यधिक धूप में बाहर निकलने से बचें, पर्याप्त पानी पिएं और हीटवेव से बचाव के लिए जरूरी सावधानियां बरतें.

RELATED ARTICLES
New Delhi
clear sky
34.6 ° C
34.6 °
34.6 °
33 %
2.7kmh
2 %
Tue
42 °
Wed
41 °
Thu
42 °
Fri
41 °
Sat
42 °

Most Popular