नई दिल्ली: दिल्ली में एक बड़ा हादसा हो गया है। रूप नगर इलाके में एक फुट ओवरब्रिज ढह गया है। इस घटना में भिखारी महिला के घायल होने की खबर है जिसको अस्पताल पहुंचाया गया है। दिल्ली अग्निशमन सेवा ने बताया कि उन्हें सुबह करीब 9:30 बजे ओवरब्रिज गिरने की सूचना मिली थी, जिसके बाद मौके पर कई दमकल गाड़ियां पहुंचीं। अधिकारियों ने बताया कि जिस समय ये ब्रिज गिरा, उस समय एक महिला उस पर मौजूद थी और वह नीचे नाले में गिर गई।
राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ), दिल्ली पुलिस और अन्य आपातकालीन एजेंसियों के कर्मियों सहित बचाव दल को तुरंत महिला की तलाश में लगाया गया। महिला को बाद में घायल अवस्था में अस्पताल पहुंचाया गया। अधिकारियों ने आगे की दुर्घटनाओं को रोकने और चल रहे बचाव कार्यों में सुविधा प्रदान करने के लिए इलाके की घेराबंदी की है।
दिल्ली पुलिस का बयान सामने आया
इस घटना पर दिल्ली पुलिस का बयान भी सामने आया था। उन्होंने कहा था, “दिल्ली के रूपनगर में मदर डेयरी के पास ब्लॉक 3 में एक नाले के ऊपर बना पुराना लोहे का पैदल पुल गिर गया। एक महिला नाले में गिर गई और उसकी तलाश जारी है। दमकल गाड़ियां मौके पर मौजूद हैं।” हालांकि बाद में महिला मिल गई और उसे अस्पताल पहुंचा दिया गया।
इससे पहले नवंबर 2018 में दिल्ली के सिग्नेचर ब्रिज पर बड़ा हादसा हुआ था और पुल से गिरकर 2 युवकों की मौत हुई थी। ये युवक केटीएम बाइक पर थे और डिवाइडर से टकराकर पुल से नीचे गिर गए थे। इनकी पहचान डॉक्टर सत्या विजय शंकरन और चंद्रशेखर के रूप में हुई थी। डॉक्टर सत्या की उम्र 23 साल थी और वह दिल्ली के हिंदू राव अस्पताल में इंटर्नशिप कर रहे थे। वहीं चंद्रशेखर दिल्ली के खानपुर के रहने वाले थे।
ये मामला इसलिए भी चर्चा में रहा था क्योंकि इस घटना के कुछ ही दिन पहले तत्कालीन सीएम अरविंद केजरीवाल और डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने इस पुल का उद्घाटन किया था।
