10.1 C
New Delhi
Saturday, February 7, 2026
Homeउत्तर प्रदेशMahakumbh Stampede: प्रयागराज महाकुंभ में भगदड़: 30 की मौत, प्रशासन अलर्ट, VIP...

Mahakumbh Stampede: प्रयागराज महाकुंभ में भगदड़: 30 की मौत, प्रशासन अलर्ट, VIP मूवमेंट पर उठे सवाल

Mahakumbh Stampede: प्रयागराज महाकुंभ में संगम तट पर भगदड़ में अब तक 35 से 40 लोगों की जान जा चुकी है। हादसे में बड़ी संख्या में लोग जख्मी भी हुए है। मृतकों का आंकड़ा बढ़ सकता है।

Mahakumbh Stampede: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज महाकुंभ में मंगलवार देर रात एक भीषण भगदड़ मच गई, जिसमें अब तक 30 श्रद्धालुओं की मौत हो चुकी है। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। हादसा उस समय हुआ जब लाखों श्रद्धालु मौनी अमावस्या पर संगम स्नान के लिए उमड़े थे। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी सहित कई नेताओं ने दुख जताया हैं।

कैसे हुआ हादसा? कारणों पर सस्पेंस बरकरार

यह भगदड़ मंगलवार देर रात मची। बताया जा रहा है कि अत्यधिक भीड़ और अव्यवस्थाओं के चलते श्रद्धालुओं के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जिसके बाद यह हादसा हुआ। हालांकि, अभी तक भगदड़ के पीछे के कारणों पर स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। प्रशासन ने भी इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है।

कुछ रिपोर्ट्स के अनुसार, श्रद्धालुओं का संगम स्नान के लिए भारी दबाव था, जिससे बैरिकेडिंग पर दबाव बढ़ा और कुछ लोग बैरिकेडिंग फांदने लगे। इससे असंतुलन पैदा हुआ और भय का माहौल बन गया। इसके बाद भगदड़ मच गई, जिसमें कई लोग दबकर घायल हो गए और कई की मौके पर ही मौत हो गई।

मौके पर मची अफरा-तफरी, 8 एंट्री पॉइंट सील

घटना के बाद प्रयागराज में हड़कंप मच गया। श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने शहर के 8 प्रमुख एंट्री पॉइंट बंद कर दिए।

  • भदोही-वाराणसी बॉर्डर: 20 किमी लंबा जाम।
  • चित्रकूट बॉर्डर: 10 किमी लंबा जाम।
  • कौशांबी बॉर्डर: 50,000 से ज्यादा वाहन रोके गए।
  • फतेहपुर-कानपुर बॉर्डर: वाहनों की लंबी कतारें।
  • प्रतापगढ़ बॉर्डर: 40,000 वाहनों को रोका गया।
  • जौनपुर बॉर्डर: बसें रोक दी गईं।
  • मिर्जापुर बॉर्डर: गाड़ियों की लंबी लाइन।
  • रीवा बॉर्डर: 50,000 वाहन रोके गए।

प्रयागराज में अब तक 9 करोड़ से अधिक लोग पहुंच चुके हैं, जिससे हालात और गंभीर हो गए हैं।

https://twitter.com/ani_digital/status/1884573137506894239

बढ़ सकती है मृतकों की संख्या

मीडिया में चल रही खबरों के अनुसार, सृष्टि मेडिकल कॉलेज में हादसे में मारे गए लोगों के शव रखे गए थे। रिपोर्टर्स के अनुसार, यहां पर 20 शव गिने गए, जिनमें से आखिरी डेडबॉडी पर 40 नंबर लिखा हुआ था। इससे पहले मेडिकल कॉलेज में 14 शव पोस्टमॉर्टम के लिए लाए गए थे और फिर मेले से 8-10 एंबुलेंस से कुछ और शवों को लाया गया। इनमें से कई शवों को परिजनों को सौंप दिया गया है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने व्यक्त की गहरी संवेदना

इस हादसे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने गहरी संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “प्रयागराज महाकुंभ में भगदड़ की घटना अत्यंत दुखद है। मैं हताहत हुए श्रद्धालुओं के परिवारजनों के प्रति शोक-संवेदना व्यक्त करती हूं और ईश्वर से प्रार्थना करती हूं कि घायल हुए सभी श्रद्धालु शीघ्र ही स्वस्थ हों।

प्रधानमंत्री मोदी ने जताया शोक

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस हादसे पर दुख जताया और ट्वीट किया, “प्रयागराज महाकुंभ में हुआ हादसा अत्यंत दुखद है। इसमें जिन श्रद्धालुओं ने अपने परिजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। इसके साथ ही मैं सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। स्थानीय प्रशासन पीड़ितों की हरसंभव मदद में जुटा हुआ है। इस सिलसिले में मैंने मुख्यमंत्री योगी जी से बातचीत की है और मैं लगातार राज्य सरकार के संपर्क में हूं।”

रक्षा मंत्री बोले, शोकाकुल परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए लिखा, “प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ में हुई दुर्घटना अत्यंत पीड़ादायक है। इस हादसे में जिन्होंने अपनों को खोया है, उन शोकाकुल परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं।”

गृहमंत्री अमित शाह ने भी व्यक्त की संवेदना

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने भी अपनी संवेदना व्यक्त की और कहा, “महाकुंभ में हुए दुःखद हादसे से अत्यंत व्यथित हूं। इस दुर्घटना में जिन लोगों ने अपनों को खोया है, उनके प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। प्रशासन घायलों को अस्पतालों में उपचार दे रहा है और मैं उत्तर प्रदेश सरकार के साथ लगातार संपर्क में हूं।”

मुख्यमंत्री योगी की प्रतिक्रिया

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रयागराज महाकुंभ में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी है। उन्होंने बताया कि संगम तट पर स्नान करने की भारी संख्या में भीड़ जुटने से दबाव बढ़ गया, जिससे यह हादसा हुआ। उन्होंने बताया कि घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है और प्रशासन राहत कार्यों में जुटा हुआ है।

राहुल गांधी और कांग्रेस ने उठाए सवाल

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने इस हादसे पर दुख जताते हुए वीआईपी मूवमेंट को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, “प्रयागराज महाकुंभ में भगदड़ के कारण कई लोगों की मौत और कइयों के घायल होने की खबर अत्यंत दुखद है। शोकाकुल परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की आशा करता हूं।”

घटना की उच्चस्तरीय जांच की मांग

यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने महाकुंभ में अव्यवस्थाओं पर उत्तर प्रदेश सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा, “प्रयागराज में कई बार कुंभ और अर्ध कुंभ होते रहे हैं, लेकिन इस बार जैसी अव्यवस्था पहले कभी नहीं हुई थी।” उन्होंने प्रशासन की तैयारियों पर सवाल उठाए और घटना की उच्चस्तरीय जांच की मांग की।

प्रयागराज में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई

प्रशासन ने इस हादसे के बाद सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है। संगम तट पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और श्रद्धालुओं को स्नान के लिए अलग-अलग समय स्लॉट में बांटा गया है। सरकार ने हादसे की जांच के आदेश दिए हैं और जल्द ही इसकी विस्तृत रिपोर्ट सार्वजनिक की जाएगी।

प्रयागराज महाकुंभ में हुए इस दर्दनाक हादसे ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। मृतकों के परिजनों को सरकार द्वारा मुआवजा देने की भी संभावना जताई जा रही है। प्रशासन और सरकार इस घटना की गहराई से जांच कर रही हैं ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

यह भी पढ़ें:-

Mallikarjun Kharge: महाकुंभ को लेकर विवादित बयान देकर फंसे मल्लिकार्जुन खड़गे, बिहार में परिवाद दायर

RELATED ARTICLES
New Delhi
mist
10.1 ° C
10.1 °
10.1 °
93 %
1.5kmh
57 %
Sat
25 °
Sun
25 °
Mon
26 °
Tue
27 °
Wed
28 °

Most Popular